लखनऊ

यूपी में बड़े पैमाने पर 23 PCS अफसरों के तबादले, कई जिलों के CDO और ADM बदले

UP PCS Transfer: उत्तर प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई PCS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। जौनपुर, मऊ, लखीमपुर, मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में नई तैनाती हुई।
3 min read
• •
Oct 03, 2026
प्रशासनिक फेरबदल में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती, शासन ने जारी किए तबादला आदेश (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )
प्रशासनिक फेरबदल में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती, शासन ने जारी किए तबादला आदेश (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )

23 PCS Transfer: उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए PCS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस स्थानांतरण सूची में अपर जिलाधिकारी, अपर नगर आयुक्त, उपजिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, विश्वविद्यालयों के कुलसचिव और विकास प्राधिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। कई अधिकारियों को जिलों में भेजा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को विभागीय एवं संस्थागत जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादलों से प्रदेश के कई जिलों की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव हुआ है। देवरिया, संतकबीरनगर, सहारनपुर, मेरठ, रामपुर, कुशीनगर, जालौन, प्रतापगढ़, लखनऊ, हरदोई, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आजमगढ़ और वाराणसी समेत कई स्थानों पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

देवरिया और संतकबीरनगर में नई जिम्मेदारी

चंद्रेश कुमार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), संतकबीरनगर के पद से स्थानांतरित कर मुख्य राजस्व अधिकारी, देवरिया बनाया गया है। वहीं ललितपुर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात ज्ञानेन्द्र विक्रम को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), संतकबीरनगर की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों अधिकारियों की नई तैनाती के बाद संबंधित जिलों में राजस्व एवं न्यायिक प्रशासन से जुड़े कामकाज में बदलाव देखने को मिलेगा।सहारनपुर में भी प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। मेरठ नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत लवी त्रिपाठी को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सहारनपुर बनाया गया है। वहीं सिद्धार्थनगर में उपजिलाधिकारी राजेश कुमार को मेरठ नगर निगम में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

रामपुर और विश्वविद्यालयों में बदली जिम्मेदारी

अंबेडकरनगर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात पुष्पेंद्र पटेल को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), रामपुर के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा प्रतीक्षारत अर्पित गुप्ता को बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बांदा का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। बिजनौर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात विजय शंकर को महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुशीनगर का कुलसचिव बनाया गया है। इस बदलाव के साथ दोनों कृषि विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक ढांचे में भी नई नियुक्तियां प्रभावी होंगी।

दुग्ध विभाग और मेरठ विकास प्राधिकरण में भी फेरबदल

अमेठी में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात अभिनव कन्नौजिया को संयुक्त दुग्ध आयुक्त, दुग्ध आयुक्त कार्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मेरठ के अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश कुमार सिंह को मेरठ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। इस बदलाव के बाद मेरठ विकास प्राधिकरण से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी अब बृजेश कुमार सिंह के पास होगी। दूसरी ओर दुग्ध विभाग में अभिनव कन्नौजिया की नई तैनाती की गई है।


जालौन से प्रतापगढ़ और लखनऊ तक बदलाव

राजस्व परिषद, लखनऊ से संबद्ध शिवानी सिंह को अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति), जालौन बनाया गया है। वहीं इसी पद पर जालौन में तैनात प्रेम चन्द्र मौर्य को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), प्रतापगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में उपनिदेशक के पद पर तैनात रामजी मिश्रा को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लखनऊ बनाया गया है। उनकी नई तैनाती राजधानी की प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हरदोई और मुरादाबाद में भी बदले अधिकारी

गाजियाबाद में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात राजेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), हरदोई बनाया गया है। वहीं हरदोई में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर तैनात प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), मुरादाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, लखनऊ में संयुक्त निदेशक बृजेश कुमार त्रिपाठी को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), लखीमपुर खीरी बनाया गया है। मुजफ्फरनगर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में उपनिदेशक पद पर भेजा गया है।

अलीगढ़, आजमगढ़ और मुजफ्फरनगर में नई तैनाती

अलीगढ़ में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात किंशुक श्रीवास्तव को प्रतीक्षारत किया गया है। वहीं मुरादाबाद में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद पर कार्यरत संगीता देवी को अपर जिलाधिकारी (नगर), अलीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। आजमगढ़ में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के पद पर तैनात गंभीर सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुजफ्फरनगर बनाया गया है। वहीं मंडी परिषद में उपनिदेशक नरेंद्र सिंह को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), आजमगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रतापगढ़ से मेरठ और वाराणसी तक फेरबदल

प्रतापगढ़ में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आदित्य कुमार प्रजापति को अपर जिलाधिकारी (नगर), मेरठ के पद पर नई तैनाती दी गई है। इससे मेरठ में अपर जिलाधिकारी स्तर पर प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। वाराणसी नगर निगम में अपर नगर आयुक्त अमित कुमार को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में उपनिदेशक बनाया गया है। वहीं हरदोई में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात मयंक कुंडू को उपजिलाधिकारी, मुरादाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।