लखनऊ

Rural Tourism UP: अब गांव भी बनेंगे पर्यटन का ठिकाना, भितरगांव में विरासत के साथ रोजगार की नई राह

Bhitargaon Temple: उत्तर प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल के तहत भितरगांव पहुंचे 50 विद्यार्थियों ने प्राचीन मंदिर, गांव की संस्कृति, देसी खानपान और लोककलाओं को करीब से जाना।
3 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 3:19 PM IST
भितरगांव के प्राचीन गुप्तकालीन मंदिर का भ्रमण करते विद्यार्थी  (फोटो सोर्स : UP Tourism Department )
भितरगांव के प्राचीन गुप्तकालीन मंदिर का भ्रमण करते विद्यार्थी  (फोटो सोर्स : UP Tourism Department )

UP Tourism: उत्तर प्रदेश में पर्यटन को सिर्फ बड़े शहरों और प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों तक सीमित रखने के बजाय अब गांवों तक पहुंचाने की तैयारी है। सरकार की कोशिश है कि लोग ऐतिहासिक मंदिरों और धरोहरों को देखने के साथ आसपास के गांवों की जिंदगी, खानपान, खेती-किसानी और लोक संस्कृति को भी करीब से जानें। इसी दिशा में कानपुर नगर के भितरगांव में एक खास Rural Tourism कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 50 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर गांव की परंपराओं, स्थानीय खानपान, हस्तकला और ग्रामीण जीवन को करीब से देखा।

यूपी पर्यटन विभाग की Agri Rural और Gangey Gram Rural Tourism पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में गांव के लोगों, महिलाओं, कलाकारों और स्थानीय उद्यमियों ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि किस तरह गांव की पुरानी परंपराएं और ऐतिहासिक विरासत पर्यटन का हिस्सा बन सकती हैं और इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं।

होमस्टे में पारंपरिक स्वागत, गांव की जिंदगी से रूबरू हुए विद्यार्थी

कार्यक्रम की शुरुआत अवनीश कुशवाहा के Homestay से हुई। यहां विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। तुलसी पूजन और घर में तैयार किए गए ताजे मुंगौड़ों ने मेहमानों को गांव के अपनापन और देसी स्वाद का एहसास कराया। विद्यार्थियों ने होमस्टे संचालक से बातचीत कर जाना कि ग्रामीण इलाकों में Homestay Tourism किस तरह विकसित किया जा सकता है। इस दौरान उन्हें गांव के पुराने कुएं, पशुपालन और रोजमर्रा के ग्रामीण जीवन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों ने देखा कि गांव की साधारण जिंदगी में भी पर्यटकों को आकर्षित करने की कितनी संभावनाएं मौजूद हैं।

ग्रामीण पर्यटन कार्यक्रम में लोकगीत और पारंपरिक लाठी नृत्य प्रस्तुत करतीं गांव की महिलाएं और स्थानीय कलाकार (फोटो सोर्स : UP Tourism Department )

गुप्तकालीन मंदिर बना आकर्षण का केंद्र

इस पूरे भ्रमण का सबसे खास पड़ाव भितरगांव का प्राचीन ईंटों से बना मंदिर रहा। गुप्तकालीन स्थापत्य कला और आकर्षक टेराकोटा कलाकृतियों के लिए प्रसिद्ध यह मंदिर क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यार्थियों को मंदिर की वास्तुकला और उसके ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराया गया। मंदिर दर्शन के बाद विद्यार्थियों को सरसों के खेतों और चंदन के पौधों के बीच ले जाया गया। इसके बाद Farm Visit के दौरान ग्रामीण खेती और प्राकृतिक वातावरण को समझने का अवसर मिला। गांव में केले के पत्तों पर परोसे गए पारंपरिक भोजन ने इस अनुभव को और खास बना दिया। विद्यार्थियों ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया और गांव के खानपान की परंपरा को जाना।

लोकगीत और पारंपरिक नृत्य ने बांधा समां

कार्यक्रम में गांव की महिलाओं और स्थानीय कलाकारों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत किए, वहीं कलाकारों ने लाठी नृत्य के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। इसके अलावा Craft Making गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को स्थानीय हस्तकला और पारंपरिक हुनर से परिचित कराया गया। इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं था, बल्कि गांव के कलाकारों और महिलाओं को पर्यटन से जोड़ना भी था। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलने के साथ उनकी आमदनी बढ़ाने के नए अवसर भी बन सकते हैं।

खेल, योग और प्रतियोगिताओं में भी दिखा उत्साह

विद्यार्थियों के लिए Yoga और Meditation सत्र भी आयोजित किया गया। इसके अलावा Team Ganga और Team Yamuna के बीच बालिका कबड्डी मुकाबला हुआ। Quiz Competition और Rural Tourism विषय पर Painting Competition ने भी विद्यार्थियों की भागीदारी को रोचक बनाया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं और कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया गया।

गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा करना लक्ष्य

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से गांवों की परंपराओं, विरासत और जीवनशैली को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। भितरगांव जैसे स्थानों को विकसित करने के साथ स्थानीय लोगों, कलाकारों, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों को पर्यटन से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पर्यटन से स्थानीय समुदायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के अवसर मिल सकते हैं। वहीं पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि ग्रामीण समुदायों को पर्यटन विकास में सक्रिय भागीदार बनाना जरूरी है। कृषि, विरासत, स्थानीय हस्तकला, होमस्टे और सांस्कृतिक गतिविधियों को एक साथ जोड़कर गांवों की अलग पहचान को सामने लाया जा सकता है। इससे पर्यटन के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के टिकाऊ अवसर भी पैदा होंगे।

234 गांवों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना

उत्तर प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 234 गांवों की पहचान की गई है। भितरगांव का यह कार्यक्रम इसी योजना का हिस्सा है। यहां ऐतिहासिक मंदिर, होमस्टे, खेतों की सैर, पारंपरिक भोजन और लोककलाओं को एक ही Tourism Circuit से जोड़ने की कोशिश की गई है। इस पहल से साफ है कि गांवों में पर्यटन की संभावनाएं केवल ऐतिहासिक इमारतों तक सीमित नहीं हैं। गांव का खानपान, रहन-सहन, खेती, लोकगीत और पारंपरिक हुनर भी पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं। अगर इन सभी चीजों को सही तरीके से बढ़ावा मिले तो ग्रामीण परिवारों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और कमाई का नया जरिया मिल सकता है।