लखनऊ

‘यह सीट शेयरिंग का नहीं, बंदरबांट का मामला है,’ BJP नेता एके शर्मा बोले- जनता देख रही है इनका तमाशा

SP Congress Alliance: यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस 125 सीटें मांग रही है, जबकि सपा ने 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। इस मुद्दे पर भाजपा नेताओं ने गठबंधन पर निशाना साधते हुए इसे लूट के माल का बंटवारा और बेमेल गठबंधन बताया।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 3:24 PM IST
UP News
भाजपा नेता एके शर्मा (Photo IANS)

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत जारी है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस जहां 125 विधानसभा सीटों की मांग कर रही है, वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से उसे 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है। इस मुद्दे पर भाजपा नेताओं ने भी दोनों दलों को घेरना शुरू कर दिया है। मऊ में मंत्री एके शर्मा ने सपा-कांग्रेस के बीच चल रही बातचीत पर तंज कसते हुए इसे लूट के माल का बंटवारा बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में देखेंगे कि किसे कितना मिलता है। उत्तर प्रदेश की जनता उनका ड्रामा और नौटंकी देख रही है। जिसे भी जो सीटें मिलेंगी, वे सब हार जाएंगे और वे सभी सीटें BJP को मिलेंगी।

वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सीटों के प्रस्ताव पर अपनी बात रखते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसी से भीख नहीं मांग रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब 2022 वाली कांग्रेस नहीं रह गई है।

कांग्रेस को 26 सीटें देने के प्रस्ताव पर फंसा पेच

उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर गठबंधन को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत चल रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटें देने के पक्ष में हैं, जबकि कांग्रेस 125 सीटों की मांग कर रही है। दिल्ली में सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि मैंने उनको कल 26 सीटें बता दी हैं, जहां से कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतार सकते हैं। सपा सांसद राजीव राय ने भी 26 सीटों की सूची दिए जाने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि इन सीटों पर चर्चा होगी।

बृजेश पाठक बोले- जनता उन्हें रिजेक्ट कर चुकी है

लखनऊ में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके अलायंस पार्टनर कितने भी अलायंस बना लें, लेकिन वे उत्तर प्रदेश में सफल नहीं होंगे। BJP तीसरी बार भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापस आएगी। वे जो भी अलायंस बनाएंगे, उन्हें जनता का सपोर्ट नहीं मिलेगा, क्योंकि लोग उन्हें पहले ही रिजेक्ट कर चुके हैं।

ओपी राजभर ने 26, 25 और 22 सीटों पर कसा तंज

मंत्री ओपी राजभर ने कांग्रेस को 26 सीटें देने के प्रस्ताव पर कहा कि कभी-कभी हम जानबूझकर बातें उल्टी कर देते हैं। मैं समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव को अच्छी तरह जानता हूं। आप देखेंगे कि एक और मीटिंग होगी। अभी के लिए आंकड़ा 26 है, फिर 25 सीटों की लिस्ट आएगी, और कुछ दिनों बाद 22 सीटों की एक और लिस्ट आएगी। आखिरी फैसला तब होगा जब दोनों पार्टियों के नेता एक साथ बैठेंगे। इन लोगों के शोर मचाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

दयाशंकर और भूपेंद्र सिंह ने भी साधा निशाना

मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को बेमेल बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्थापना ही कांग्रेस के खिलाफ हुई थी। नेताजी ने लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस पार्टी के खिलाफ में ही समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। आज स्वार्थ में उन्हीं के बेटे इस कांग्रेस पार्टी से गठबंधन कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का भी इतना स्तर नीचे गिर गया है कि वह पिछलग्गू बनने को तैयार हैं।