लखनऊ

आज सताएगी गर्मी; UP के 46 जिलों में चलेगी लू, IMD ने अगले 5 दिनों के लिए जारी किया पूर्वानुमान, जानिए कब आएगा मानसून?

Uttar Pradesh Weather Update: IMD ने उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान (Weather Forecast) जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश के 46 जिलों में भीषण गर्मी का असर रहेगा, पूरी खबर पढ़िए…

2 min read
Jun 09, 2026
Uttar Pradesh Weather Update(photo-patrika)
उत्तर प्रदेश में मौसम का पूर्वानुमान (सांकेतिक इमेज-पत्रिका)

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। सोमवार को प्रदेश के 24 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इसी बीच मौसम विभाग ने मंगलवार से पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। ऐसे मौसम में लोगों को दिन के समय बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

भीषण गर्मी और लू का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आज 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलेंगी। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और रात में मौसम में परिवर्तन आ सकता है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 10 से 11 जून के बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में लू की स्थिति बनेगी।

लखनऊ समेत 46 जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत 46 से जिलों में अगले 5 दिनों तक तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक गर्मी का सिलसिला जारी रह सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय बाहर जाने की सलाह दी गई है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पिएं, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।

वाराणणसी सबसे गर्म

सोमवार को वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, झांसी में सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का काफी असर देखा गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास या ऊपर ही बना रह सकता है।

कब होगी मानसून की एंट्री?

मौसम विभाग ने प्री-मानसून गतिविधियों का भी जिक्र किया है। IMD के मुताबिक, 11 जून से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। यह स्थिति 15 जून तक बनी रह सकती है। बुधवार 10 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहने का अनुमान है।

मानसूनी गतिविधियों के बीच हवा की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर के रास्ते 24 जून को मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। फिलहाल प्री-मानसून बारिश के साथ-साथ भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा।