UPPCL की ऑनलाइन सेवाएं 16 घंटे के लिए बंद रहेंगी। मेंटेनेंस कार्य के चलते उपभोक्ता पोर्टल, ऐप और बिल भुगतान सेवाएं प्रभावित रहेंगी, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है।
UPPCL Services to Remain Shut for 16 Hours: राजधानी लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने अपनी सभी ऑनलाइन सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। यह सेवाएं 16 घंटे के लिए बाधित रहेंगी, जिससे प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं पर असर पड़ेगा।
यूपीपीसीएल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह सेवाएं कल शाम 5 बजे से शुरू होकर 4 अप्रैल सुबह 9 बजे तक पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दौरान उपभोक्ता पोर्टल, मोबाइल ऐप और अन्य सभी डिजिटल सेवाएं काम नहीं करेंगी। इस अवधि में उपभोक्ता किसी भी प्रकार का ऑनलाइन लेन-देन या सेवा का उपयोग नहीं कर सकेंगे।
यूपीपीसीएल ने बताया है कि यह निर्णय सिस्टम के मेंटेनेंस और कंफीग्रेशन कार्यों के चलते लिया गया है। तकनीकी सुधार और सेवाओं को अधिक बेहतर व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह अपग्रेडेशन भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर और तेज सेवाएं प्रदान करने में सहायक होगा।
इस दौरान यूपीपीसीएल की सभी प्रमुख सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इनमें उपभोक्ता पोर्टल, यूपीपीसीएल कंज्यूमर एप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म शामिल हैं। उपभोक्ता न तो बिजली बिल का भुगतान कर पाएंगे और न ही नई सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा, शिकायत दर्ज करने, बिल डाउनलोड करने और अन्य ऑनलाइन सुविधाएं भी पूरी तरह ठप रहेंगी।
इस बंदी का असर यूपीपीसीएल के सभी डिस्कॉम पर पड़ेगा। इनमें पूर्वांचल, पश्चिमांचल, मध्यांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के साथ-साथ कानपुर की केस्को (KESCO) भी शामिल है। यानी प्रदेश के हर हिस्से के उपभोक्ताओं को इस अस्थायी बाधा का सामना करना पड़ेगा।
यूपीपीसीएल की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस दौरान उपभोक्ता न केवल ऑनलाइन, बल्कि ऑफलाइन माध्यम से भी बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाएंगे। इससे उन उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है, जिनकी बिल जमा करने की अंतिम तिथि नजदीक है।
यूपीपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि से पहले ही अपने आवश्यक कार्य, जैसे बिल भुगतान आदि, निपटा लें। इससे उन्हें किसी भी असुविधा से बचने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे सेवाएं बहाल होने के बाद ही किसी प्रकार का ऑनलाइन लेन-देन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
यूपीपीसीएल अधिकारियों का कहना है कि यह मेंटेनेंस कार्य उपभोक्ताओं के हित में किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद सिस्टम पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और उपयोगकर्ता के अनुकूल हो जाएगा।डिजिटल सेवाओं में सुधार से उपभोक्ताओं को बिल भुगतान, शिकायत निवारण और अन्य सुविधाओं का लाभ पहले से अधिक सुगमता से मिल सकेगा।