लखनऊ

भाजपा संगठन में फेरबदल जल्द, स्वतंत्र देव सिंह कर रहे तैयारी, लिस्ट में इन नेताओं का नाम

- भारतीय जनता पार्टी संगठन में विस्तार की तैयारी- विपक्ष की धार कुंद करेंगे बीजेपी के तेजतर्रार नेता- राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे से पूर्व यूपी भाजपा में संगठन विस्तार की तैयारी

2 min read
Dec 09, 2020
Uttar Pradesh BJP Sangathan

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. यूपी उपचुनाव और फिर एमएलसी चुनाव में फतेह के बाद अब भारतीय जनता पार्टी का पूरा फोकस त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पर है। राजनीतिक दलों का मानना है कि गांवों में जिसकी सरकार होगी, आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता का ताना-बाना भी उसी दल के इर्द-गिर्द बुनेगा। इसे देखते हुए सत्तारूढ़ दल बीजेपी के साथ ही सभी प्रमुख विपक्षी दल अपनी-अपनी पार्टी संगठन का कील-कांटा दुरुस्त करने में जुट गये हैं। विपक्षी दल किसानों के मुद्दों के सहारे पंचायत चुनाव में अपना परचम लहराना चाहते हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी भाजपा संगठन में तेज-तर्रार नेताओं को बड़ा ओहदा देकर विपक्षी दलों के मंसूबों पर पानी फेरने की तैयारी में है।

बीजेपी संगठन में विस्तार की कवायद तेज हो गई है। इसके तहत प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति के अलावा मोर्चा प्रकोष्ठों के प्रदेश प्रमुखों की तैनाती की जाएगी। सबसे अधिक खींचतान भारतीय जनता युवा मोर्चा व महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए है। इसके अलावा किसान व अनुसूचित जाति मोर्चा के लिए भी दमदार नेता की तलाश जारी है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल नियुक्तियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। 28 दिसम्बर को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश आ रहे हैं। उनके दौरे से पहले प्रदेश भाजपा संगठन में विस्तार की कवायद पूरी कर लेना चाहती है।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण क्षेत्र के लिए किसी तेज-तर्रार नेता की तलाश कर रही है, जिसे किसान मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी जा सके। उसकी गांवों व खेती में मजबूत पकड़ हो, साथ ही वह विपक्ष के हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे सके। इसके अलावा अनुसूचित वर्ग में बसपा की कमजोर होती पकड़ को देखते हुए बीजेपी रणनीति के तहत अनुसूचित जाति मोर्चा की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिए दमदार नेताओं की तलाश की जा रही है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के लिए सबसे अधिक दावेदार
भारतीय जनता पार्टी में सबसे ज्यादा दावेदार भाजपा की 'बी' टीम कहे जाने वाले भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हैं। इसके लिए करीब आधा दर्जन से अधिक दावेदार जोड़तोड़ में लगे हैं। चर्चा है कि भाजयुमो की कमान ब्राह्मण या ठाकुर समाज के कार्यकर्ता को सौंपी जा सकती है। इस पद के जिन प्रमुख दावेदारों के नाम चर्चा में हैं, उनमें प्रांशु दत्त द्विवेदी, मिथलेश त्रिपाठी, अभिषेक कौशिक, वरुण गोयल व हर्षवर्धन सिंह आदि है। बात करें महिला मोर्चा की तो पार्टी में एक धड़ा मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह का कार्यकाल बढ़ाने की पैरोकारी कर रहा है। चर्चा में अर्चना मिश्रा भी हैं, जिन्हें ब्राह्मण कोटे से महिला मोर्चा का दायित्व सौंपा जा सकता है।

Updated on:
09 Dec 2020 05:09 pm
Published on:
09 Dec 2020 02:38 pm
Also Read
View All