लखनऊ

Quick Read: सफाई कर्मियों को फ्लैट देगा गोरखपुर नगर निगम

नगर निगम के सफाई कर्मी भी फ्लैटों में रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप नगर निगम ने स्थायी सफाई कर्मियों के लिए टू बीएचके फ्लैट बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में 60 फ्लैट बनाने पर मंथन हो रहा है। इस पर 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
3 min read
• •
Updated: 20 Dec 2021, 2:39 PM IST
Uttar Pradesh Top News
Uttar Pradesh Top News

सफाई कर्मियों को फ्लैट देगा गोरखपुर नगर निगम

गोरखपुर. नगर निगम के सफाई कर्मी भी फ्लैटों में रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप नगर निगम ने स्थायी सफाई कर्मियों के लिए टू बीएचके फ्लैट बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में 60 फ्लैट बनाने पर मंथन हो रहा है। इस पर 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों के जीवन स्तर में सुधार के लिए नगर निगम को योजनाएं बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मलिन बस्तियों में सफाई, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था आदि के इंतजाम के निर्देश दिए हैं। इसे लेकर नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। अब सफाई कर्मियों के लिए फ्लैट बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम के अफसर आवास बनाने के लिए महेसरा में नगर निगम की एक एकड़ जमीन पर भी संभावना तलाशने में जुटे हैं। इस जमीन को काफी मशक्कत के बाद नगर निगम ने खाली कराया था।

कोर्ट से फरार दुष्कर्म आरोपी रायपुर से पकड़ा गया

कानपुर. जिला जज के कोर्ट परिसर से सिपाही को चकमा देकर फरार हुए दुष्कर्म व हत्या के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आजमगढ़ के जसपतपुर गांव निवासी पवन उर्फ गुड्डू फरवरी में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदार के घर आया था। वहां उसने एक युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या की कोशिश की थी। घटना के दूसरे दिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। साथ ही उसके पास से एक तमंचा व दो कारतूस भी बरामद किए थे। दुष्कर्म व जानलेवा हमले के आरोप में वह माती जेल में बंद था। 29 नवंबर को मामले की सुनवाई के लिए माती जेल से सिपाही अहमद खान उसे जिला जज की कोर्ट में लाए थे। वहां सिपाही को चकमा देकर पवन फरार हो गया। मामले में सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया गया। पवन की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई थीं। सर्विलांस से मिले सुराग के आधार पुलिस ने उसे रायपुर में गजनेर रोड से गिरफ्तार कर लिया।

25 को अमेठी आएंगी स्मृति ईरानी

अमेठी. विधानसभा चुनाव के करीब आते ही सियासी दलों का महत्वपूर्ण जिलों में दौरे का सिलसिला शुरू हो गया है। हाल ही में राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अमेठी पहुंचे जहां उन्होंने पदयात्रा के जरिये अपनी खोई सियासी नब्ज टटोलने का प्रयास किया। राहुल और प्रियंका गांधी के बाद अब सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आगामी 25 तारीख को अपने संसदीय क्षेत्र आ रही हैं। उनके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी अमेठी आएंगे। दोनों मंत्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के साथ स्मृति ईरानी अमेठी के विकास के लिए अरबों रुपए की योजनाओं की सौगात देंगी। 25 तारीख को सांसद स्मृति ईरानी द्वारा एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर अमेठी को कई विकास योजनाओं से आच्छादित किया जाना है।

नए वर्ष में 100 से अधिक आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति

लखनऊ. नए वर्ष के पहले दिन 100 से अधिक आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति देने की तैयारी है। ये पदोन्नति सचिव से प्रमुख सचिव, विशेष सचिव से सचिव पद के अलावा विभिन्न वेतनमान में होनी हैं। एक जनवरी को विभिन्न पदों व वेतनमानों में 112 आईएएस अधिकारी पदोन्नति की लाइन में हैं। शासन के नियुक्ति विभाग ने इस संबंध में कार्यवाही शुरू कर दी है। इनमें से करीब 100 की पदोन्नति तय मानी जा रही है। अयोध्या के मंडलायुक्त महेंद्र प्रसाद अग्रवाल सहित चार आईएएस अधिकारियों को सचिव व आयुक्त स्तर से प्रमुख सचिव पद पर और वाराणसी के डीएम कौशल राज शर्मा व लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश सहित 12 अधिकारियों को विशेष सचिव से सचिव व आयुक्त पद पर पदोन्नति मिलनी तय मानी जा रही है।

पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या

कानपुर. कानपुर देहात में रविवार देर रात पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। हत्या का आरोपी मौके से फरार हो गया। मामला शिवली के प्रतापपुर खास का है। मां के शव से लिपटकर बच्ची रोती रही। रात 12 बजे अमित और उसकी पत्नी अंजलि उर्फ पूजा के बीच जमकर विवाद हुआ था। पति-पत्नी लड़ते-लड़ते घर के बाहर तक आ गए। इस दौरान अमित ने पत्नी अंजलि को पीटना शुरू कर दिया। अंजली बच्ची को लेकर पुलिस चौकी जा रही थी। तभी पीछे से कुल्हाड़ी लेकर अमित आया और पत्नी के चेहरे और गर्दन पर कई वारकर दिए। इससे उसकी मौत हो गई। वहीं, बच्ची अपनी मां के शव से लिपटकर रोती रही, तभी पड़ोसियों को मामले की सूचना हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Updated on:
20 Dec 2021, 2:39 PM IST
Published on: