
UP Deputy CM Keshav Maurya Orders Quality Checks: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने VB-G RAM G (विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण) योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत कराए जा रहे सभी कार्यों में Quality, Transparency और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ गांव के लोगों को जमीन पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक जनपद में योजना के तहत पूरे कराए गए पक्के कार्यों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही मजदूरों की मजदूरी का भुगतान समय पर करने को कहा और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्ती जताई।
उप मुख्यमंत्री ने सोनभद्र जिले के चोपन विकासखंड की ग्राम पंचायत रिजूल में अकड़ीहवा नाले पर बनाए जा रहे मृदा चेकडैम का उदाहरण देते हुए कहा कि इस तरह के निर्माण कार्य ग्रामीण विकास के लिए काफी उपयोगी हैं। इससे स्थानीय मजदूरों को अपने ही गांव में रोजगार मिल रहा है। साथ ही बारिश के पानी को रोकने, मिट्टी के कटाव को कम करने और जल संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कामों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिनसे रोजगार मिलने के साथ गांव को भविष्य में भी फायदा हो।
केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि योजना के तहत ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं की श्रेणी में Library भवनों का निर्माण और पुराने पुस्तकालयों की मरम्मत भी कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि गांवों में पुस्तकालय बनने से बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले ग्रामीण युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। उन्हें पढ़ने के लिए शांत और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इससे गांवों में शिक्षा और ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने महाराजगंज जिले के निचलौल विकासखंड की ग्राम पंचायत ओडवलिया में बन रहे पार्क का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास केवल सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। गांवों को साफ-सुथरा, सुंदर और व्यवस्थित बनाना भी जरूरी है। पार्क बनने से बच्चों को खेलने की जगह मिलेगी और ग्रामीण परिवारों को आपस में समय बिताने के लिए अच्छा सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। ऐसे स्थान गांवों में सामाजिक मेलजोल और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं।
जल संरक्षण को ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए श्री मौर्य ने कहा कि VB-G RAM G योजना के तहत Farm Pond, जल संचयन तालाब और सिंचाई कुओं जैसे कार्य भी कराए जा सकते हैं। इनसे बारिश के पानी को जमा करने, भूजल स्तर बढ़ाने और खेती के लिए पानी की उपलब्धता बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांवों में ऐसे कार्यों का चयन किया जाए, जिनसे किसानों और ग्रामीण परिवारों को लंबे समय तक लाभ मिल सके।
उप मुख्यमंत्री ने मजदूरों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिए कि काम के दौरान किसी श्रमिक को चोट लगने या दुर्घटना होने पर उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराने और उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मजदूरी दर के बराबर दैनिक भत्ता भी दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी श्रमिकों को इन सुविधाओं की जानकारी होनी चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें समय से सहायता मिल सके।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार गांवों में रोजगार, आजीविका, शिक्षा, जल संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। VB-G RAM G योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार देने के साथ गांवों में ऐसी स्थायी परिसंपत्तियां तैयार करना है, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिले। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यों की Regular Monitoring की जाए। निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, मजदूरों को समय पर भुगतान मिले और सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही नहीं चलेगी और अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारना होगा।