
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है। अब धूप में तल्खी बढ़ती जा रही है। रात में ठंडी हवाएं चलने की वजह से सुबह तक कुछ ठंड रहती है। बाकी पूरे दिन तापमान काफी बढ़ा हुआ है। यूपी में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। पूरे दिन मौसम गरम रहा। पर राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। वैसे तो आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ अमरनाथ मिश्र ने बताया कि, कुछ पूर्वी जिलों में अगले 24 आसमान में आंशिक बदली छाई रहेगी और बूंदाबांदी की आशंका है।
तीन दिन लगातार बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिन यूपी के अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहेगा। 10 मार्च से लेकर 12 मार्च तक कुछ जिलों को छोड़ दें तो अधिकतर जिले में अच्छी धूप निकलेगी। मौसम लगातार गरम बना रहेगा। 10 मार्च को यूपी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवाएं 14 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी। 11 मार्च को यूपी का अधिकतम तापमान एक डिग्री और बढ़ जाएगा। 38 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवाएं 13 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी। अब अगर 12 मार्च की बात करें तो अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना बलवती है। मतलब साफ है कि अब गर्मी तेज गति बढ़ रही है।
होली पर झमाझम बारिश का अलर्ट
वैसे तो मार्च में उत्तर प्रदेश का तापमान काफी आरामदायक रहता है। और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस से अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। पर इस बार मौसम का अलर्ट है कि मार्च में खूब जमकर गर्मी पड़ेगी। चार-पांच दिन बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानियों का पूर्वानुमान है कि, होली के त्योहार पर झमाझम बारिश हो सकती है। इसलिए संभलकर रहें।