
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) में मतगणना के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को जबरदस्त बढ़त मिली है। बंगाल में बीजेपी कुल 293 सीटों में से 161 पर आगे चल रही है। यह आंकड़ा भाजपा को राज्य में पहली बार सरकार बनाने के बेहद करीब ले जा रहा है। इसके साथ ही बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) का किला ध्वस्त होने की कगार पर है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रतिक्रिया दी है। पाठक ने कहा- पश्चिम बंगाल में स्वामी विवेकानंद की सनातन संस्कृति, सुभाष चंद्र बोस का 'भारत माता' और रविन्द्र नाथ का आशीर्वाद बीजेपी को मिला है। हम कह सकते हैं कि भारत की सांस्कृतिक राजधानी में भगवा लहरा गया है। विकसित भारत के संकल्प के लिए यह बड़ा योगदान है।
बंगाल चुनाव के रुझानों पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी का बहुत अभिनंदन करता हूं। इसके साथ ही सभी नवनिर्वाचित विधायकों का अभिनंदन करता हूं। चुनाव में धांधली के आरोपों पर डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष, जब हारता है तो अनर्गल आरोप लगाता है। बीजेपी, सुचिता और पारदर्शिता पर भरोसा करती है। जनता का आशीर्वाद और कल्याण हमारा प्रथम लक्ष्य है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिल रही बढ़त पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने TMC अध्यक्ष ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। मौर्य ने कहा- पश्चिम बंगाल में यह एक ऐतिहासिक जीत है। बंगाल में ममता का कुशासन हार गया और भाजपा का सुशासन विजयी हुआ।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विश्वास की जीत हुई और ममता दीदी का भय पराजित हुआ। EVM में गड़बड़ी के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधा। मौर्य ने कहा कि जब वे (विपक्ष) हारते हैं तो EVM खराब हो जाती है और जब जीतते हैं तो EVM ठीक हो जाती है।
बंगाल चुनाव के रुझानों पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा- जनता का प्रधानमंत्री मोदी के विकास के कार्यों पर पूर्ण विश्वास है। प्रधानमंत्री मोदी विकास के कार्यों में हमेशा कोई न कोई कीर्तिमान स्थापित करते हैं। लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और CM योगी की जोड़ी को पसंद कर रहे हैं। लोगों को मोदी के विचार और कार्य पसंद आ रहे हैं। जनता उनके कामों से खुश होकर उन्हें चुनाव जिता रही है।