
IPS Ajay Pal Sharma Jahangir Khan controversy: उत्तर प्रदेश पुलिस के सिंघम और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अजय पाल शर्मा का नाम एक बार फिर चर्चा में है। इस बार उनकी चर्चा की वजह कोई एनकाउंटर नहीं, बल्कि वह धमकी है जो उन्हें पश्चिम बंगाल के एक नेता ने पुष्पा फिल्म का डायलॉग बोलकर दी थी। आइए जानते हैं आखिर कौन हैं IPS अजय पाल शर्मा, जिनके नाम से ही बड़े-बड़े बदमाश जिला छोड़ देते हैं।
अजय पाल शर्मा 2011 बैच के IPS अधिकारी हैं। मूल रूप से पंजाब के लुधियाना के रहने वाले अजय पाल शर्मा अपनी निडर और आक्रामक कार्यशैली के लिए पूरे प्रदेश में जाने जाते हैं। उत्तर प्रदेश में तैनाती के दौरान उन्होंने अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ बेखौफ अंदाज में ताबड़तोड़ कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। पिछले साल जनवरी में ही उन्हें प्रमोट करके DIG की रैंक दी गई थी। वह अभी प्रयागराज में ACP के पद पर तैनात हैं। बता दें कि IPS अजय पाल शर्मा ने BDS यानी बैचलर ऑफ डेंटल साइंसेज की पढ़ाई की है।
अजय पाल शर्मा कभी भी गलत चीजों से समझौता नहीं करते हैं। बात 2019 की है, जब रामपुर में एक छह साल की मासूम के साथ दरिंदगी और हत्या का खौफनाक मामला सामने आया था। जब पुलिस ने आरोपी को घेरा तो उसने भागने की कोशिश की। उस समय अजय पाल शर्मा ने खुद मोर्चा संभाला और उनकी बंदूक से निकली तीन गोलियों ने रेपिस्ट को ढेर कर दिया।इस घटना ने उन्हें रातोंरात वायरल कर दिया था।
अजय पाल शर्मा ने नोएडा, जौनपुर, शामली और रामपुर में अपनी तैनाती के दौरान कई ऑपरेशनों का नेतृत्व किया है। CM योगी आदित्यनाथ के अपराध मुक्त यूपी के विजन को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने अपने कार्यकाल में दर्जनों खूंखार अपराधियों का एनकाउंटर किया है। हालांकि एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अजय पाल का करियर हमेशा बेदाग नहीं रहा। उन पर समय-समय पर भ्रष्टाचार तथा फर्जी मुठभेड़ के गंभीर आरोप भी लगते रहे हैं।
यह पूरा मामला पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के समय का है। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए आईपीएस अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना जिले का पुलिस ऑब्जर्वर बनाकर भेजा था। फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में जब वोटरों को डराने और बूथ कैप्चरिंग की शिकायतें आईं तो अजय पाल शर्मा खुद भारी पुलिस बल के साथ जमीन पर उतर गए। उन्होंने ऑन कैमरा दबंगों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसी कार्रवाई के दौरान TMC नेता जहांगीर खान ने खुलेआम धमकी दी थी कि अगर अजय पाल शर्मा खुद को 'सिंघम' समझते हैं, तो हम भी 'पुष्पा' हैं... पुष्पा कभी झुकेगा नहीं।
अजय पाल शर्मा को धमकी देने वाले TMC नेता जहांगीर खान को STF ने गिरफ्तार कर लिया है। जहांगीर खान काफी समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहे थे। खुद को बचाने के लिए जहांगरीर खान नेपाल बॉर्डर के पास छिप गए थे। हालांकि, पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की नजरों से वह बच पाए। STF ने जहांगीर के एक बेहद करीबी दोस्त का फोन सर्विलांस पर लगा रखा था। जैसे ही फोन की लोकेशन मिली STF ने फाल्टा के इस तथाकथित पुष्पा को भारत नेपाल सीमा से धर दबोचा।