
Yogi Adityanath Statement on SIR: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है। विपक्ष जहां SIR के जरिए वोट काटने का आरोप लगा रहा है वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन आरोपों को पूरी तरह से दुष्प्रचार बताया है। योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव यूपी में SIR वापस लेने की मांग कभी नहीं करेंगे। इसका मुख्य कारण यह है कि पुनरीक्षण के बाद प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
आजतक से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर चुनावी-प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का रवैया ऐसा है कि चुनाव जीतने पर इसे अपनी मेहनत बताता है और हारने पर EVM को जिम्मेदार ठहरा देता है। अब SIR को लेकर भी ठीक इसी तरह के बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। योगी ने अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह SIR वापस लेने की मांग करें लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि मुस्लिम वोटरों की संख्या बढ़ी है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि, उनकी सरकार और पार्टी की ओर से चुनाव आयोग को एक ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें पूछा गया है कि आखिर बड़ी संख्या में हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से किस वजह से हटाए गए हैं। योगी ने दावा किया कि जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या बढ़ी है वहीं करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से कम हुए हैं। योगी ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है इसलिए राज्य सरकार ने आयोग से इन नामों की जांच कर उन्हें वापस सूची में शामिल करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने सूची से नाम कटने के मामले में कई अहम आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने बताया कि करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं जिनके नाम पंचायत चुनाव की सूची में तो हैं लेकिन विधानसभा की सूची में नहीं हैं। इसी तरह करीब 55 लाख ऐसे हिंदू मतदाता हैं जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है लेकिन उनका नाम वोटर लिस्ट से गायब है। इसके अलावा 18 और 19 साल की उम्र के करीब साढ़े चार लाख युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में नहीं हैं।
एसआईआर की जरूरत बताते हुए सीएम योगी ने कहा कि मतदाता सूची से मृत लोगों के नाम हटाना बहुत जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 46 लाख ऐसे मतदाता थे जिनकी मृत्यु हो चुकी थी लेकिन उनके नाम सूची में दर्ज थे। योगी ने कहा कि मृत लोगों और विदेशी घुसपैठियों के नाम हटाए जाने चाहिए लेकिन विपक्ष इसका भी विरोध कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक बार फिर 80 और 20 प्रतिशत का फॉर्मूला दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 80 प्रतिशत आबादी सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि चाहती है जो सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के नाम पर भाजपा का समर्थन करेगी। वहीं 20 प्रतिशत का एक वर्ग ऐसा है जिसे दंगे, अराजकता, कर्फ्यू और माफिया का दौर पसंद है। यही लोग भाजपा के खिलाफ खड़े होंगे।