लुधियाना

कनाडा में भारतीय युवती की गला घोंटकर हत्या, 22 वर्षीय लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार, पिता ने कर्ज लेकर भेजा था विदेश

Punjab Girl Killed in Canada: कनाडा में पंजाब की रहने वाली दमनप्रीत कौर की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वहां की पुलिस ने भारतीय युवक को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानिए पूरा मामला।
2 min read
Jul 25, 2026
Canada Punjabi Girl Murder
कनाडा में पंजाब की दमनप्रीत कौर की हत्या (Photo: X/@HateDetectors)

Indian Murdered in Canada: कनाडा के अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमॉन्टन में पंजाब की रहने वाली 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर (Damanpreet Kaur) की हत्या के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय भारतीय युवक रितिश कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकेंड डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि दमनप्रीत की मौत गला घोंटने से हुई थी। इस वारदात से लुधियाना में रहें वाला दमनप्रीत कौर का परिवार गहरे शोक में है और शव को भारत लाने का प्रयास कर रहा है। दमनप्रीत के पिता ने बेटी की विदेश में पढ़ाई के लिए कर्ज लिया था। लेकिन उसी बेटी की अब अंतिम झलक के लिए तरस रहे हैं।

घर में बेहोश मिली थीं दमनप्रीत कौर

एडमॉन्टन पुलिस सर्विस (EPS) के अनुसार, 9 जुलाई की शाम करीब साढ़े 6 बजे सिल्वरबेरी इलाके के एक घर से एक महिला के बेहोश होने और उसके शरीर पर संदिग्ध चोटों की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां 12 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ ही समय बाद महिला के 22 वर्षीय भारतीय पार्टनर रितिश को हिरासत में लिया गया था। मामले की विस्तृत जांच के बाद 22 जुलाई को रितिश को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकंड डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया गया।

पोस्टमार्टम में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस के मुताबिक, 14 जुलाई को किए गए पोस्टमार्टम में इस बात की पुष्टि हुई कि दमनप्रीत की मौत एक हत्या थी। इसके बाद 23 जुलाई को जांच अधिकारियों ने खुलासा किया कि दमनप्रीत की मौत का मुख्य कारण गला घोंटना था। पुलिस ने बताया कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए यह जानकारी पहले सार्वजनिक नहीं की गई थी।

लिव इन पार्टनर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

एडमॉन्टन पुलिस ने इस घटना को 'इंटीमेट पार्टनर होमिसाइड' यानी पार्टनर द्वारा की गई हत्या की श्रेणी में रखा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी मृतक युवती दमनप्रीत का लिव इन पार्टनर है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस मामले में किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह नहीं बताया है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी।

लुधियाना के समराला की रहने वाली थीं दमनप्रीत

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दमनप्रीत कौर और रितिश कुमार एडमॉन्टन के सिल्वरबेरी रोड स्थित एक बेसमेंट सूट में साथ रहते थे। उधर, दमनप्रीत के परिचितों ने बताया कि वह मिलनसार और खुशमिजाज थी। भारत में दमनप्रीत के पिता बेटी की मौत से पूरी तरह टूट चुके हैं।

दमनप्रीत कौर पंजाब के लुधियाना जिले के समराला की रहने वाली थीं। विदेश में बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर गईं दमनप्रीत की हत्या ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Updated on:
25 Jul 2026 06:01 pm
Published on:
25 Jul 2026 05:46 pm