
Ganja Smuggling:छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद अलग-अलग जिलों में गांजा तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 132 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में महाराष्ट्र के पुणे निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 66 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक इनोवा कार के जरिए गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर उसका वजन कराया, जो कुल 132 किलो निकला। जब्त गांजे की कीमत करीब 66 लाख रुपए आंकी गई है। इसके बाद पुलिस ने कार सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने मामले में गणेश बाजे (42) और विपुल भालेराव (36) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजे की यह खेप ओडिशा के कंधमाल से लेकर पुणे जा रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
132 किलो गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इससे पहले भी गांजे की खेप ला चुके हैं या नहीं और इस कारोबार में उनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर और जानकारी सामने आने की संभावना है।