महासमुंद

महासमुंद जिला जेल से फिल्मी अंदाज में फरार हुए 4 कैदी, कंबल के सहारे फांदी ऊंची दीवार, एक पकड़ा गया

Mahasamund Jail: महासमुंद जिला जेल से चार कैदियों के फरार होने से हड़कंप मच गया। कैदियों ने कंबल के सहारे जेल की ऊंची दीवार फांदी। पांच कैदियों ने भागने की कोशिश की थी, जिनमें से एक पकड़ा गया।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 11:12 AM IST
Prisoners Escape
फरार हुए 4 कैदी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Breaking News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। यहां जिला जेल से सोमवार सुबह चार कैदी ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। कैदियों ने जेल में मिलने वाले कंबल का इस्तेमाल कर दीवार पार की। बताया जा रहा है कि पांच कैदियों ने भागने की योजना बनाई थी, लेकिन इनमें से एक कैदी दीवार फांदने के दौरान गिर गया और जेल प्रशासन ने उसे पकड़ लिया। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है।

सुबह करीब 4 बजे हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे की है। इस दौरान पांच कैदियों ने जेल से भागने की कोशिश की। इनमें से चार कैदी कंबल के सहारे जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार होने में सफल रहे। वहीं, पांचवां कैदी दीवार पार करने में नाकाम रहा और नीचे गिर गया। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

तीन गांजा तस्करी और एक चोरी का आरोपी

फरार हुए चार बंदियों में धरमवीर, लीलाधर और राजेन्द्र शामिल हैं, जो NDPS एक्ट के तहत गांजा तस्करी के मामलों में विचाराधीन बंदी थे। वहीं, चौथा बंदी पंचराम चोरी के मामले में जेल में बंद था। जानकारी के अनुसार, फरार बंदियों में दो जबलपुर (मध्यप्रदेश), एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का रहने वाला है। घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। फरार बंदियों की तलाश में पुलिस जुट गई है। उनके संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।

पहले भी जेल से फरार हो चुके हैं 5 कैदी

महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी पांच कैदी दिनदहाड़े जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें एक कैदी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के निवासी थे। उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित किया था। इनमें मुख्य प्रहरी भी शामिल था।

जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

ताजा घटना के बाद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर जेल की ऊंची दीवार फांदकर चार कैदी कैसे फरार हो गए और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? इन पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार बंदियों की तलाश में जुटी है।

Updated on:
16 Nov 2026, 11:12 AM IST
Published on: