
Bank employees strike: जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कर्मचारी संघ अपनी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बैंक परिसर में नारेबाजी की। 6 नवंबर को सामूहिक अवकाश लेकर बैंक मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। 2021 से लंबित 5 वार्षिक वेतन वृद्धि स्वीकृत होने और उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी नहीं दिए जाने से कर्मचारी अब आंदोलित हैं। यह आंदोलन ऐसे समय में हो रहा है, जब धान खरीदी की तिथि नजदीक आ चुकी है।
29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बैंक मुख्यालय और शाखा कार्यालय के कर्मचारी सदस्यों द्वारा काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। 3 से 5 नवंबर तक बैंक मुख्यालय और शाखा कार्यालय में प्रतिदिन प्रात: 10.30 से 11.30 बजे तक कलमबंद कर नारेबाजी एवं विरोध प्रदर्शन किया गया। 6 नवंबर को एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर बैंक मुख्यालय और शाखा कार्यालय में नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 10 नवंबर को नोडल कार्यालय महासमुंद में नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
Bank employees strike: इसी तरह 12 नवंबर से मांग पूर्ण होते तक बैंक मुख्यालय सहित समस्त शाखाओं एवं समस्त एटीएम मशीनों में तालाबंदी एवं अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का निर्णय लिया गया है। स्थानीय संघ के कुंदन ने बताया कि वेतन वृद्धि नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश है। जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों की मानसिक स्थिति बिगड़ रही है। इसका असर कार्य पर भी पड़ रहा है। मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला सहकारी बैंक के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।