महासमुंद

Mahasamund News: महासमुंद में युवा उत्सव का आगाज, 6 विधाओं में 300 युवा दिखाएंगे अपनी प्रतिभा

MP Roopkumari Choudhary: महासमुंद में युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ, जहां 6 विधाओं में 300 युवा अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर मौका मिलेगा।
3 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 4:46 PM IST
Mahasamund News
Mahasamund News: महासमुंद में युवा उत्सव का आगाज(photo-patrika)

Mahasamund News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद में युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और ऊर्जा को मंच देने के उद्देश्य से युवा उत्सव का गरिमामय शुभारंभ हुआ। सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन और पारंपरिक वेशभूषा सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

Mahasamund Youth Festival: युवा देश की रीढ़, राष्ट्र निर्माण में निभाएं भूमिका: रूपकुमारी चौधरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रूपकुमारी चौधरी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं। उनमें अपार ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मकता है। युवाओं को अपनी क्षमता का सही दिशा में उपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना भी जरूरी है। इससे युवाओं की छिपी हुई प्रतिभा को सामने आने का अवसर मिलता है। आज खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि करियर बनाने और अपनी अलग पहचान स्थापित करने का भी सशक्त जरिया बन चुका है। सरकार युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए विभिन्न अवसर और मंच उपलब्ध करा रही है।

हार-जीत से ज्यादा जरूरी सीखना और आगे बढ़ना

सांसद ने बताया कि युवा उत्सव में छह अलग-अलग गतिविधियों के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को चयनित होकर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। उन्होंने युवाओं से पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिताओं में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में हार और जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण सीखना और आगे बढ़ना है। यहां कोई प्रतिभागी हारता नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति अपने साथ नया अनुभव और सीख लेकर जाता है।

लोकसंस्कृति से लेकर क्रिएटिव रील चैलेंज तक दिखेगा हुनर

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि युवा किसी भी देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उनके पास ऊर्जा, उत्साह, नए विचार और कुछ नया करने का जज्बा होता है। युवा उत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को पहचानने का एक सशक्त मंच है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि पंथी, राउत नाचा, सुआ नृत्य और करमा जैसी लोककलाएं प्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत हैं। युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, पारंपरिक वेशभूषा और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से मिलेगी सफलता

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश युवाओं की शक्ति के बल पर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही है।

उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है।

300 युवा प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

कार्यक्रम में भारत स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष एतराम साहू ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की रीढ़ और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने युवा उत्सव के उद्देश्य और आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना और उनकी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता तथा आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करना है।

इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के करीब 300 युवा प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। वहीं, 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के संगतकार भी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Updated on:
14 Nov 2026, 4:46 PM IST
Published on: