महासमुंद

15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू, 182 केन्द्रों के लिए 74 नोडल अधिकारी नियुक्त… प्रशासन सतर्क

Dhan Kharidi: महासमुंद जिले के 182 धान खरीदी केंद्रों में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी। खरीदी के लिए बारदानों की व्यवस्था की जा रही है। इधर, सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल से फड़ों में व्यवस्था बिगड़ गई है।
2 min read
धान खरीदी में ऐतिहासिक रिकॉर्ड (photo source- Patrika)
धान खरीदी में ऐतिहासिक रिकॉर्ड (photo source- Patrika)

Dhan Kharidi: महासमुंद जिले के 182 धान खरीदी केंद्रों में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी। खरीदी के लिए बारदानों की व्यवस्था की जा रही है। इधर, सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल से फड़ों में व्यवस्था बिगड़ गई है। धान खरीदी केन्द्रों के संचालन, पर्यवेक्षण एवं नियंत्रण के साथ उपार्जित धान के भुगतान के लिए आवश्यक राशि, बारदाने एवं परिवहन की व्यवस्था सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने नोडल अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के 182 धान खरीदी केन्द्रों के लिए जिला एवं अनुविभागीय स्तर के कुल 74 अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। नोडल अधिकारी अपने-अपने आवंटित केन्द्रों में शासन द्वारा निर्देशित आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और तैयारी सुनिश्चित करेंगे। धान खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व नोडल अधिकारी केन्द्रों का निरीक्षण कर निर्धारित चेकलिस्ट अनुसार सभी प्रारंभिक तैयारियां पूर्ण कराना सुनिश्चित करेंगे।

साथ ही धान खरीदी अवधि के दौरान प्रति सप्ताह एक बार निरीक्षण कर समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रक्रिया का सही क्रियान्वयन, केन्द्रों में धान स्टॉक तथा नए-पुराने बारदाने का सत्यापन करेंगे। संबंधित जानकारी निर्धारित पत्रक में जिला कार्यालय को भेजेंगे। जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों को साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में धान उपार्जन की स्थिति से अवगत कराना होगा।

भुरकोनी में 1265 बोरी अवैध धान जब्त

एसडीएम पिथौरा बजरंग अग्रवाल, नायब तहसीलदार एवं हल्का पटवारी की संयुक्त टीम ने दिनेश अग्रवाल के घर पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान लगभग 3000 बोरी धान भंडारित पाया गया। पूछताछ में दिनेश अग्रवाल ने 1735 बोरी धान के संबंध में कृषि उपज मंडी का सौदा पत्रक प्रस्तुत किया गया। शेष 1265 बोरी धान के संबंध में वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। राजस्व विभाग की टीम ने नियमानुसार 1265 बोरी धान को जब्त किया।

Dhan Kharidi: नियंत्रण कक्ष बनाया गया

जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष विपणन संघ कार्यालय महासमुंद तथा जिला खाद्य अधिकारी कार्यालय महासमुंद में संचालित होगा। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष प्रभारी के रूप में सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव को नियुक्त किया गया है।

Updated on:
08 Nov 2025 10:40 am
Published on:
08 Nov 2025 10:39 am