
महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एटीएम का पिन नंबर पूछकर हजारों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। फर्जी बैंक अधिकारी बनकर एटीएम का पिन नंबर पूछकर हजारों रुपए की ठगी करने वाले एक युवक को क्राइम स्क्वॉड ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
क्राइम स्क्वॉड प्रभारी सुभाष पवार ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी बैंक अधिकारी बनकर बसना अरेकेल डीपा के भोलासिंग सिदार पिता जग्गू सिदार (60) के पास फोन किया कि आपका खाता बंद हो गया है, इससे एटीएम ब्लॉक हो जाएगा। यदि एटीएम चालू रखना है, तो एटीएम के ऊपर लिखे हुए नंबर बताएं।
इतना सुनकर प्रार्थी भयभीत हो गया और एटीएम के ऊपर लिखे नंबर को बता दिया। थोड़ी देर बाद उसके खाते से 50 हजार रुपए दूसरे के खाते में ट्रांसफर हो गए। जब इसकी खबर प्रार्थी को हुई, तो उसने बसना थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कार्रवाई के लिए क्राइम स्क्वॉड को निर्देशित किया। इसके बाद टीम अलग-अलग राज्यों रवाना होकर आरोपियों की खोजबीन कर रही थी। इसी दौरान टीम को पता चला कि ठगी करने वाला आरोपी का ठिकाना पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिला वर्धमान में है।
टीम ने घेराबंदी कर राहुल पासवान पिता संतरा (25) को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में क्राइम स्क्वॉड के उप निरीक्षक संजय सिंह राजपूत, आशीष कंसारी, प्रआ. बैद्यनाथ, चितरंजन साहू, अनिल साहू, आर. कामता आवड़े, संतोष सांवरा, छत्रपाल सिन्हा, युगल पटेल आदि शामिल थे।