
महोबा. महोबा में समाज व इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ पड़ोस में रहने वाले 4 दबंगों ने बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) की वारदात को अंजाम दिया है। यही नहीं, वारदात करते हुए हैवानों ने महिला के गुप्तांग में लाल मिर्च का पाउडर भी भर दिया। वारदात से इलाके सहित पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही एसपी सहित अन्य आला अधिकारी अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग महिला से मिलने पहुंच गए है। डॉक्टरों की देखरेख में महिला का इलाज चल रहा है।
यह था मामला-
मानवता को शर्मसार करने वाला यह मामला जनपद के कबरई थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी बाई नगर का है। यहां घर में एक 60 वर्षीय वृद्धा अकेली थी। आरोप है कि रात में पड़ोस में ही रहने वाले 4 दबंगों ने पहले महिला रस्सियों से बांधा फिर उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला के गुप्तांग में लाल मिर्च पाउडर भी भर दिया और फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोगों ने महिला को अचेत अवस्था में बंधा हुआ पाया तो मामले की सूचना कबरई थाना पुलिस को दी गई। परिवार के लोग उसे तत्काल इलाज के लिए महिला जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही महोबा पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आरके गौतम सहित तमाम पुलिस आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दिया बयान-
पीड़िता से पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने खुद मुलाकात करते हुए पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़िता ने खुद अपनी आपबीती बताई है। आरोपी सभी फरार बताए जा रहे हैं। महोबा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला द्वारा पूरे मामले की शिकायत की गई है। मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर मुकदमा लिख कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।