महोबा

सिपाही के वायरल वीडियो से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, अफसरों को तुरंत लेना पड़ा बड़ा फैसला

यूपी पुलिस के एक सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़ंकप मच गया...
2 min read
• •
Updated: 7 Oct 2018, 5:39 PM IST
up police constable viral video
सिपाही के वायरल वीडियो से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, अफसरों को तुरंत लेना पड़ा बड़ा फैसला

महोबा. यूपी पुलिस के एक सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़ंकप मच गया। आनन-फानन में एसपी ने मामले में संज्ञान लेते हुए सिपाहियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए एक टीम गठित कर दी, जो पुलिसवालों की समस्याओं का समय से निराकरण करेगी।

महोबा में एक सिपाही का दर्द भरा वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सिपाही पारिवारिक समस्या बताते हुए छुट्टी की गुहार लगा रहा है। सिपाही महोबा के पुलिस लाइन में तैनात है। सिपाही का नाम लक्ष्मण बताया जा रहा है। सोशल मीडिया में वायरल इस वीडियो में सिपाही लक्ष्मण जीपीएफ का फंड न मिलने और पत्नी की बीमारी के लिए छुट्टी न मिलने से आहत है। वीडियो में सिपाही लक्ष्मण रो-रोकर कहता है कि वो अब आत्महत्या के लिए विवश हो गया है। क्योंकि उसे एक साल में सिर्फ तीन दिन की ही छुट्टी मिली है। उसकी पत्नी बीमार है। उसे पैरालिसिस हो गया है, फिर भी छुट्टी नहीं मिल रही है। इस वक्त पैसों की भी जरूरत है, लेकिन जीपीएफ फंड का पैसा भी नहीं मिल पाया। इस कारण उसने अब आत्महत्या करने तक का मन बना लिया है। वायरल वीडियो में उसने कहा कि उसने पत्नी के इलाज के लिए फंड निकालने का आवेदन किया था, मगर उसे फंड नहीं मिला और न ही विभाग द्वारा कोई छुट्टी दी गई। ये वीडियो पीड़ित सिपाही के सिपाही मित्र द्वारा वायरल किये जाने की बात सामने आ रही है।

एसपी ने तत्काल लिया सख्त एक्शन
वीडियो के वायरल होने के बाद उच्च अधिकारियों ने मामले में गंभीरता दिखाई है। एसपी महोबा कुंवर अनुपम सिंह बताते हैं कि सिपाही को 45 दिन का अवकाश दे दिया गया है, साथ ही जीपीएफ फंड से उसे एक लाख रुपये भी दे दिए गए हैं। इसको लेकर एसपी ने लाइन में तैनात अकाउंटेंट को निलंबित कर दिया है साथ ही सिपाहियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए एसपी द्वारा एक टीम भी गठित की गई है जो इनकी समस्याओं का समय से निराकरण करेगी।

देखें वीडियो...

Published on: