गुरुवार की दोपहर एक ब्लैक स्कॉर्पियो ने तांडव मचाते हुए एक बाइक और साइकिल में भीषण टक्कर मार दी, इस दुर्घटना में दो लोगों की तत्काल मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
महराजगंज में गुरुवार की दोपहर भिटौली थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर तरकुलवा तिवारी के पास भीषण दुर्घटना हुई, जानकारी के मुताबिक एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक और साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को सीएचसी परतावल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। भीषण टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और जलकर राख हो गई।
दुर्घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि करीब तीन बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो ने सामने जा रही साइकिल को भी उड़ा दी, जबरदस्त भिड़ंत से धर्मपुर निवासी भोला की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छातीराम निवासी सूर्यभान ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।
हादसे में भोला की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद हुई तेज आवाज सुन आसपास के लोग दौड़े और घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस बीच स्कॉर्पियो का ड्राइवर मौका देख फरार हो गया । सूचना मिलते ही भिटौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है। SO मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि स्कॉर्पियो की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल महिला का इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज भेजा गया है।