
Mahrajganj News : महराजगंज जिले के सिसवा थानाक्षेत्र के मीराबाई नगर के वार्ड 25 में उस समय मातम पसर गया जब वहां एक निर्माणाधीन तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। चौथा किशोर किसी तरह तालाब से बाहर निकला और घर पहुंचकर शोर मचाना शुरू किया। बरसात के मौसम में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों से इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही है।
जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण भागते हुए घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों किशोरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिजनों की चीख पुकार से गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक सिसवा के मीराबाई नगर के वार्ड नंबर 25 स्थित पोखरा टोला निवासी राजबीर (13), नीतीश यादव (14), रोहन (13) और कृष्णा रौनियार (15) रविवार दोपहर गांव के निर्माणाधीन तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद राजबीर ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब नहीं बचा पाया तो वह दौड़कर गांव पहुंचा और शोर मचाते हुए ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब की ओर दौड़ पड़े। इसी दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई। कोठीभार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद तीनों किशोरों को पोखरे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में मातम पसर गया, परिजनों की चीख पुकार मची हुई है।कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला निर्माणाधीन पोखरे में नहाने के दौरान डूबने से हुई मृत्यु का प्रतीत होता है। मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।