
Mainpuri Road Accident: हरदोई में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। छोटे बेटे की मौत के बाद घर में उसका शव रखा था। परिवार के लोग बड़े बेटे अमित और बहू पिंकी के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन रास्ते में उनके साथ भी दर्दनाक हादसा हो गया। फरीदाबाद से बाइक पर हरदोई लौट रहे दंपती को मैनपुरी में एक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में अमित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिंकी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अब परिवार में दो बच्चों समेत सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे में जान गंवाने वाले अमित कुमार की उम्र 32 साल थी। वह हरदोई जिले के बेनीगंज थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के रहने वाले थे। अमित फरीदाबाद में प्राइवेट नौकरी करते थे। वह अपनी पत्नी (28) पिंकी और दो बच्चों के साथ वहीं रहते थे। उनकी 13 साल की बेटी और सात साल का बेटा है।
बुधवार को अमित के छोटे भाई नैमिष की मौत हो गई थी। इसकी खबर मिलने के बाद अमित ने घर लौटने का फैसला किया। वह देर रात पत्नी पिंकी के साथ बाइक से हरदोई के लिए रवाना हुए थे। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों घर पहुंचेंगे और छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे, लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 4:30 बजे अमित और पिंकी मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में एनएच-34 पर अंडरपास के पास पहुंचे थे। इसी दौरान किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अमित की मौके पर ही मौत हो गई। पिंकी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल पिंकी को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
अमित और पिंकी की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग मैनपुरी पहुंच गए। एक तरफ घर में छोटे भाई नैमिष का शव रखा था और उसका अंतिम संस्कार भी नहीं हुआ था, वहीं दूसरी तरफ बड़े बेटे और बहू की मौत की खबर ने परिवार को तोड़ दिया। हादसे के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। 13 साल की आयशा और सात साल के अस्मित ने अपने माता-पिता को खो दिया। जिस घर में पहले छोटे बेटे की मौत का मातम था, वहां अब एक और बड़ी त्रासदी हो गई है।