मैनपुरी

कोबरा टीम के सिपाहियों पर युवक की हत्या का आरोप, पुलिस बता रही हादसा

मृतक के परिजनों ने कोबरा टीम के सिपाहियों पर गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया है।
2 min read
• •
Updated: 23 Mar 2018, 2:11 PM IST
युवक का आरोप

मैनपुरी। जिले में गुरुवार रात को एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों ने कोबरा टीम के सिपाहियों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस इसे हादसा मान रही है। शुक्रवार सुबह को परिजनों ने मृतक का शव ईसन नदी के पुल पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। करीब चार घंटे बाद जाम खोला जा सका।


देर रात हुई घटना
मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला निवासी संजीव कश्यप गुरुवार रात तकरीबन नौ बजे बाइक से अपने घर आ रहा था। बताया गया है कि शहर में कोबरा टीम की बाइक से उसकी बाइक टकरा गई। इसको लेकर सिपाही और संजीव के बीच कहासुनी हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि कोबरा टीम के सिपाही तेजप्रताप और सौरभ ने संजीव को गोली मार दी। जिससे वो घायल हो गया। पुलिसकर्मी घायल संजीव को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में संजीव की मौत हो गई।


ईसन पुल पर लगाया जाम
घटना से गुस्साए परिजन शव को लेकर ईसन नदी पुल पर पहुंच गए। पुल पर जाम लगा दिया। जानकारी पर मौके पर पहुंचे एएसपी ओम प्रकाश सिंह , सीओ सिटी राकेश पांडेय और एसडीएम अमित कुमार ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपी सिपाहियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े थे। घंटों समझाने के बाद परिजन शांत हुए। जिसके बाद जाम खोला सका।


एएसपी बता रहे हादसा
इस मामले में एएसपी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि हादसे में युवक घायल हो गया था। जिसके बाद घायल को आगरा रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में संजीव ने दम तोड़ दिया। एएसपी ने कहा कि इस हादसे में दो सिपाही भी घायल हैं। परिजन सिपाहियों पर गोली मारने का आरोप लगा रहे हैं। इसकी जांच की जा रही है।

Published on: