मैनपुरी

शिवपाल के ‘मुलायम’ फैसले से हैरत में पड़े सपाई, छूट रहे पसीने

मैनपुरी सीट मुलायम सिंह यादव के लिए छोड़ने का कर चुके हैं ऐलान, सपाई हैरान कि कैसे करें सपोर्ट, सांसद तेजप्रताप यादव समाजवादी पार्टी खेमे का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए हुए सक्रिय
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2018, 12:02 PM IST
shivpal yadav opened office of Samajwadi Pragatshil party Lohiya
shivpal yadav opened office of Samajwadi Pragatshil party Lohiya

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा करने वाले शिवपाल यादव ने एक सीट छोड़ने का जो फैसला लिया है। उससे राजनीति के गलियारों में जबरदस्त हलचल पैदा हो गई है। लोकसभा चुनाव आने से पहले समाजवादी पार्टी के पुराने कद्दावर नेता शिवपाल की पार्टी का झंड़ा थाम रहे हैं। अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव के लिए शिवपाल यादव के नेताओं द्वारा कड़ी चुनौती पेश की जा रही है। लेकिन, मुलायम सिंह को लेकर शिवपाल का जो रुख है, उससे सभी कार्यकर्ता हैरान हैं। मैनपुरी जनपद में चुनाव आते ही सांसद तेजप्रताप सिंह यादव भी सक्रिय हो गए हैं और अपने किले की घेराबंदी करने में जुट गए हैं।

जसवंतनगर पर सभी की निगाहें
इस बार मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में शिवपाल यादव की विधानसभा सीट शामिल है। जसवंत नगर सीट मैनपुरी लोकसभा में आने के चलते सुर्खियों में है। शिवपाल सिंह यादव की पार्टी के नेता सुजान सिंह यादव का कहना है कि यदि मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से चुनाव लड़ना चाहते हैं तो पार्टी यहां अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं करेगी। लेकिन, कोई अन्य आता है तो यहां से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है। पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक शिवपाल सिंह यादव को समर्थन देने के लिए पुराने और दिग्गज समाजवादी नेता जुट रहे हैं। लखनउ में होने वाली रैली के लिए तैयारियां और जनसंपर्क लगातार किया जा रहा है। ताकि विपक्षियों को शिवपाल सिंह यादव की पार्टी की ताकत का अहसास हो जाए।

भाजपा के लिए सपना ही रही है मैनपुरी
शिवपाल यादव के समाजवादी पार्टी से अलग पार्टी बनाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी अपने हित में मानकर चल रही थी। लेकिन, लोकसभा सीट पर अगर मुलायम सिंह चुनाव मैदान में आते हैं तो एक बार फिर भाजपा के लिए ये सीट सपना बनकर रह जाएगी। ऐसा राजनीति के जानकारों का कहना है। बता दें कि मैनपुरी लोकसभा सीट से अभी तक भारतीय जनता पार्टी का सांसद नहीं चुना गया है। यहां से मुलायम सिंह यादव ने चार बार बड़ी जीत हासिल की है। जबकि वर्तमान सांसद तेजप्रताप सिंह यादव रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीत चुके हैं।

Updated on:
13 Nov 2018, 12:02 PM IST
Published on: