मैनपुरी

मुलायम ने सपा-बसपा के गठबंधन को दिया आशीर्वाद, कांग्रेस पर कही बड़ी बात

मुलायम सिंह यादव ने सपा-बसपा के गठबंधन की पहल को अच्छा प्रयास बताया है।

less than 1 minute read
Apr 11, 2018
सपा बसपा का गठबंधन

मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने लोकसभा चुनाव के लिए सपा और बसपा के गठबंधन को आशीर्वाद दिया है। मैनपुरी के किशनी में मंगलवार को जनसभा संबोधित करते हुए मुलायम सिंह ने सपा-बसपा के बीच गठबंधन की पहल को अच्छा प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि अगर सपा और बसपा साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे तो दोनों दलों को कोई हराने वाला नहीं है।


सपा-बसपा को दिया आशीर्वाद
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सपा और बसपा का गठबंधन अच्छा प्रयास है। दोनों दलों के एक होने से लोकसभा चुनाव में जीतने से उन्हें कोई नहीं रोक सकेगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के नेता एक साथ आने पर विश्वास भी जताया। वहीं कांग्रेस के साथ आने के सवाल को नेताजी टाल गए और कहा, 'छोड़ा इस बात को। सपा-बसपा को उनका आशीर्वाद है। दोनों दल सफल होंगे।

मोदी सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान मुलायम सिंह यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। किसान और व्यापारी दोनों ही बीजेपी की नीतियां से परेशान हो रहे हैं । मुलायम सिंह ने कहा कि सपा के पास जो नीतियां हैं, वे किसी दल के पास नहीं हैं। उन्होंने लोकसभा उपचुनाव में सपा का सहयोग करने के लिए बसपा को धन्यवाद भी दिया।

ये भी पढ़ें- सपा-बसपा गठबंधन पर मुलायम सिंह यादव ने तोड़ी चुप्पी, दिया ये बड़ा बयान

वीआईपी सीटों पर जीती सपा
बता दें कि यूपी की गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीटों के उपचुनाव में बसपा ने सपा को समर्थन दिया। दोनों सीटों पर सपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। बीजेपी को करारी शिकस्त मिली। प्रदेश की ये दोनों सीटें वीआईपी सीटें मानी जाती हैं। गोरखपुर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ कहा जाता है तो फूलपुर से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सांसद रह चुके हैं।

Published on:
11 Apr 2018 10:36 am