मंडला

NH-30 पर भीषण हादसा, दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत से 3 की मौत, एक गंभीर

NH-30 Horrific Accident : नेशनल हाईवे-30 पर बीती रात हुए भीषण हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। जबकि, एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। दो बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत के चलते ये हादसा हुआ है।
2 min read
NH-30 Horrific Accident
NH-30 के मंडला-रायपुर मार्ग पर भीषण हादसा (Photo Source- Input)

NH-30 Horrific Accident : मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात ये हैं कि, प्रशासन की तमाम मुस्तैदियों के बावजूद यहां हर रोज सड़क हादसों में सैकड़ों लोग घायल हो रहे हैं। इनमें से दर्जनों अपनी जान भी गवा रहे हैं। रफ्तार के कहर का ताजा मामला सामने आया है सूबे के मंडला जिले से। यहां अंजनिया से गुजरने वाले नेशनल हाईवे क्रमांक- 30 के मंडला-रायपुर मार्ग पर शुक्रवार देर रात चारटोला के पास बेलगाम दौड़ती दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

भीषण हादसे में इन तीन की मौत

मामले को लेकर बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम ने बताया कि, भीषण सड़क दुर्घटना गढ़ी थाना इलाके में हुई है, जबकि सभी मृतक बिछिया थाना इलाके के रहने वाले हैं। मृतकों में करंजिया माल में रहने वाले 36 वर्षीय जगदीश यादव भी शामिल हैं, जो लाइनमैन का काम करते थे। इसके अलावा ग्राम जामुन टोला पंचायत करंजिया माल में रहने वाले 32 वर्षीय मोनिष मोंगरे और 30 वर्षीय संकित टांडीया की भी इस हादसे में जान गई है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपे गए शव

फिलहाल, इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, जिनका शनिवार सुबह परिजन की मौजूदगी में पोस्टमार्टम हुआ, इसके बाद तीनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए घर वालों के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। इधर, घायल युवक बिछिया अस्पताल में भर्ती है, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।

खास बातें

-नेशनल हाईवे क्रमांक- 30 के मंडला-रायपुर मार्ग पर शुक्रवार देर रात चारटोला के पास भीषण सड़क हादसा हुआ है।

-हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

-हादसे में घायल शख्स का गंभीर हालत में बिछिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।

-वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को परिजन के सुपुर्द कर दिए गए हैं।

-प्राथमिक जांच के अनुसार, तेज रफ्तार के चलते ये हादसा हुआ है।

Updated on:
04 Apr 2026 01:06 pm
Published on:
04 Apr 2026 01:06 pm