
मंदसौर.शहर में स्मार्ट मीटर लगने का काम लंबे समय से चल रहा है, लेकिन एक माह पहले अभिनंदन क्षेत्र में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के यहां लगाए गए। इसके बाद जो बिजली के बिल आए वह अत्यधिक राशि के आए। इसके बाद से भारी भरकम बिलों को लेकर विरोध का दौर शुरू हो गया। बिजली कंपनी भले ही खपत बढऩे और टैरिफ की राशि बढऩे के कारण अधिक राशि के बिल आने व स्मार्ट मीटर के लाभ गिना रही हो लेकिन आम उपभोक्ताओं में बिलों को लेकर आक्रोश है। इस मुद्दे को कांग्रेस ने भी भुनाने के लिए उठाया। कई दिनों से चल रहे प्रदर्शन के बाद मंगलवार को कांग्रेस इसे लेकर सडक़ों पर उतरी और स्मार्ट मीटर व अत्यधिक राशि के आ रहे बिलों के विरोध में रैली निकालकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंप स्मार्ट मीटर हटाने और अधिक राशि के बिल वापस लेने की मांग की। इसी को लेकर आज भी प्रदर्शन होगा।
रैली के रूप में पहुंचे
स्मार्ट मीटर के विरोध में विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी चौराहा पर जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां से सुबह 11 बजे हाथों में स्मार्ट मीटर व बिजली के बिलों के विरोध की तख्तियां थामे रैली के रूप में शहर में निकली। नेहरू बस स्टैंड, भारत माता चौराहा, कालीदास मार्ग होते हुए घंटाघर क्षेत्र में आजाद चोक पर पहुंचे। इस दौरान वहां पर सभी ने स्मार्ट मीटर व बिजली के बिलों को लेकर लोगों की समस्याओं को लेकर विचार व्यक्त किए। इसके बाद बिजली कंपनी के डीई को ज्ञापन अपनी मांगों को लेकर सौंपा गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष महेंद्रसिंह गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष इष्ठा भाचावत, पूर्व नपाध्यक्ष हनीफ शेख, नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी, कमलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व पदाधिकारियों के साथ शहरवासियों ने भाग लिया।
यह रखी मांग
ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जो कंपनी मीटर लगाने का काम कर रही है। वह उपभोक्ता की बिना सहमति के मीटर लगा रही है। कई जगह विवाद व अभद्र भाषा का उपयोग काम करने वाले कर रहे है। अधिक राशि के बिल आ रहे है। उन्होंने इसकी जांच कराने और अधिक राशि के बिल वापस लेने की मांग की है। सोशल मीडिया के बजाए उपभोक्ताओं को बिल की सूचना उसके पते पर दी जाए। जिन उपभोक्ताओं को 45 दिन का बिल दिया गया उन्हें 30 व 15 दिन का अलग-अलग बिल दिया जाए। जिससे राशि का भार उन पर नहीं पड़े।
जनआक्रोश आंदोलन व घेराव आज
स्मार्ट मीटर लगने के बाद अत्यधिक राशि के बिल उपभोक्ताओं के आए। इसके बाद से ही इसे लेकर आंदोलन का दौर चल रहा है। पूर्व में बिजली कंपनी कार्यालय का घेराव करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसी को लेकर जिला पंचायत सदस्य दीपकसिंह गुर्जर इसे लेकर आज फिर जनआक्रोश आंदोलन के तहत बीपीएल चौराहा ग्रिड पर पहुंचकर शहर कार्यालय का घेराव करेंगे। इसे लेकर गांधी चौराहा से लेकर बीपीएल चौराहा तक रैली निकालकर विरोध किया जाएगा। पिछले पखवाड़े भर से स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं से संपर्क कर जिनके अधिक बिल आए उनसे संपर्क किया जा रहा है।