मंदसौर

पानी की बौछारों से लेकर लाठियां व पुलिस के कड़े पहरे में बीजेपी दफ्तर से पहुंचने से पहले ही रोका

बीजेपी दफ्तर की ओर बढ़ते कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सख्ती के साथ रोका - -कांग्रेस ने डेढ़ घंटे तक किया प्रदर्शन, बड़ी संख्या में तैनात रहा पुलिस बल, कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

2 min read
Jun 15, 2026
mandsaur congress event news
कांग्रेस ने डेढ़ घंटे तक किया प्रदर्शन, बड़ी संख्या में तैनात रहा पुलिस बल

मंदसौर.प्रदेशव्यापी आह्वान पर सोमवार को शहर में भी कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन निरस्त होने को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। पुलिस को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए फायर फाइटर से पानी की बौछार करना पड़ी तो बल प्रयोग करते हुए कई पर लाठियां भांजी। इसके बाद कार्यकर्ताओं को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में हिरासत में लिया गया। डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चले प्रदर्शन के दौरान बीजेपी दफ्तर की ओर बढ़ते कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों से लेकर अधिकारियों को खासी मशक्कत करना पड़ी। कई बार झूमा-झटकी से लेकर तकरार हुई। धक्का-मुक्की में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्यक जैन गिरने से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए ले जाया गया।


लाठियां भांजी तो उठाकर पुलिस वाहन में डाला
युवक कांग्रेस व एनएसयूआई के इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गांधीचौराहा स्थिति कांग्रेस कार्यालय से चलकर बीजेपी कार्यालय का घेराव करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता आगे बढ़े तो युवराज क्लब के समीप पुलिस ने बेरीकेट लगाकर रोका। यहीं पर डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन चला। इस दौरान कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए लाठियां भांजी गई तो कई कार्यकर्ताओं को घसीटकर पुलिस वाहनों में डाला गया। बैरीकेट पर चढकऱ आगे बढ़ते कार्यकर्ताओं को पानी की बोछार व धक्का देकर पीछे हटाया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 से 6 थानों का पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन के दौरान एएसपी तेरसिंह बघेल, सीएसपी जितेंद्र भास्कर, कोतवाली टीआइ पुष्पेंद्रसिंह राठौर, वायडी नगर टीआइ शिवांशु मालवीय सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।


पुतला लेकर पहुंचे तो पुलिस ने छीना
युवराज क्लब मैदान पर बैरीकेट को लांघने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं पुलिस से धक्का-मुक्की में उलझे थे। इसी दौरान दो कार्यकर्ता दूसरे रास्ते से पुतला लेकर पहुंचे तो तैनात पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार्यकर्ताओं को दबोचकर पुतला छिन लिया। वहीं गांधी चौराहे पर पुतला जलाया गया। कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान गांधी चौराहा से लेकर नेहरू बस स्टैैंड व बीजेपी कार्यालय तक पुलिस ने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। इस दौरान ट्रैफिक को मुख्य मार्ग से डायवर्ड किया गया। इसके कारण आंतरिक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।


कांग्रेस नेता बोले लोकतंत्र व संविधान के खिलाफ बीजेपी
कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान महेंद्रसिंह गुर्जर, ऋतिक पटेल, राघवसिंह शक्तावत, सम्यक जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता पहुंचे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार से षड्यंत्र कर बीजेपी ने नामांकन निरस्त कराया और चुनाव आयोग भी सरकार के इशारे पर चल रहा है। बीजेपी पर लोकतंत्र व संविधान को खत्म की दिशा में काम करना बताया।
हिरासत में लिया था
कोतवानी थाना प्रभारी पुष्पेंद्रसिंह राठौर ने बताया कि प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था बाद में उन्हें रिहा किया गया।

Published on:
15 Jun 2026 06:56 pm