
मंदसौर.
राष्ट्रीय शिक्षा नीति में विद्यार्थियों को स्थाई डिजिटल शैक्षणिक पहचान उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे अपार ऑटोमैटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री आईडी अभियान में मंदसौर जिला काफी पीछे है। जिले में इस अभियान में काम धीमी रफ्तार से हो रहा है। जिले का 66.5 प्रतिशत के साथ प्रदेश में 35वां स्थान हासिल कर लिया है। 1 लाख 54 हजार 251 से अधिक विद्यार्थियों की यह आईडी बन चुकी है। हालांकि अभी भी 76 हजार 256 विद्यार्थियों की अपार आईडी बनना बाकी है। जिससे निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना शिक्षा विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। जिले में कुल 2 लाख 31 हजार 900 बच्चे दर्ज है। इन सभी की आईडी बनने के बाद इसका सत्यापन होना है।
प्रदेश में 35वें नंबर पर जिला
शिक्षा विभाग के अनुसार जिले में 2 लाख 31 हजार 900 बच्चे दर्ज है। इनमें से 1 लाख 54 हजार 151 बच्चों की आईडी बन चुकी है तो आईडी का सत्यापन 66.5 प्रतिशत हुआ है। यानी अपार आईडी में जिले में अब तक सिर्फ 66.5 प्रतिशत काम हुआ है। जबकि 76 हजार 256 विद्यार्थियों की आईडी अभी लंबित है। बड़ी कक्षाओं में प्रगति बेहतर रही है जबकि प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर काम की रफ्तार धीमी है।
अपार आईडी यह करेगी काम
अपार आईडी विद्यार्थियों के लिए एक यूनिक डिजिटल शैक्षणिक पहचान के रूप में कार्य करेगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक रेकॉर्ड, परीक्षा परिणाम, प्रमाण-पत्र और अन्य उपलब्धियां डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रूप से उपलब्ध रह सकेंगी। इसी कारण इस अभियान की शासन स्तर पर इस अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है और सभी जिलों को तय समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इनका कहना…..
अभियान में तेजी लाने के निर्देश
जिला परियोजना समन्वयक लोकेंद्र डाबी ने बताया कि अपार आईडी अभियान में प्राथमिकता के साथ काम किया जा रहा है। लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा की जा रही है। मंदसौर प्रदेश में 35वें स्थान तक पहुंचा है। जिन विद्यार्थियों की आईडी अभी लंबित है उनके प्रकरणों का विकासखंड एवं संकुल स्तर पर निराकरण कराया जा रहा है। सभी संस्था प्रमुखों को लंबित विद्यार्थियों की जानकारी जुटाकर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
फैक्ट फाइल
जिले में कुल बच्चे- 2 लाख 31 हजार 900
आईडी बनी- 1 लाख 54 हजार 251
लंबित- 76 हजार 256
आईडी का सत्यापन- 66.5 प्रतिशत
प्रदेश में रैंक-35
…………………….