जिला दूरसंचार समिति की बैठक आयोजित
मंदसौर । जिला दूरसंचार समिति की बैठक शनिवार को स्थानीय दूरसंचार भवन में आयोजित की गई। इसमें सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कोई भी कार्य स्वयं के करने से सही होता है और 2004 में मुनाफे वाला बीएसएनएल 2014 में 14000 करोड़ के घाटे वाला विभाग बन गया। इसकी मुख्य वजह की तह तक जाना होगा। सांसद ने बकाया वसूली और इनकम की दृष्टि से बीएसएनएल के कर्मचारियों की औसत की जानकारी ली कि कर्मचारियों की दृष्टि से विभाग द्वारा कितना रेवेन्यू वसूल किया जाता है। साथ ही उन्होंने बताया कि देश में करीब 1400000 करोड़ का बजट है और 18 00000 करोड का खर्च परंतु वर्तमान मोदी सरकार ने टैक्स वसूलने में नए आयाम प्रस्तुत किए और आज देश को 21 लाख करोड़ का राजस्व प्राप्त हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों से बीएसएनएल द्वारा अपनी उपलब्धियों के प्रचार- प्रसार की बात कही और प्रत्येक अधिकारी स्वयं का एक टारगेट लेकर कार्य करें यह देश एवं विभाग के हित में होगा और जो कमियां दिख रही है उसे दूर करने का प्रयास करें। सकारात्मक प्रयास से ही उन्नति संभव है। उन्होंने कहा कि कमियों को पीछे छोड़कर सकारात्मक प्रयास शुरुआत करें।
बीएसएनएल कनेक्शन ना होने से आरटीओ कार्यालय का नहीं हो रहा उद्घाटन
बैठक में दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्यों द्वारा भी कुछ सुझाव दिए गए। सदस्य संजय गोटी ने वर्तमान में बीएसएनएल कनेक्शन ना होने की वजह से आरटीओ कार्यालय के उद्घाटन ना होना का सबसे बड़ा अवरोध बताया, जिसे महाप्रबंधक ललित यादव द्वारा तुरंत दूर करने की बात कही गई। इसी तरह अन्य सदस्यों द्वारा भी अंचल में बीएसएनएल नेटवर्क की समस्या को लेकर बात कहीं, इस पर महाप्रबंधक एवं पदाधिकारियों द्वारा कुछ ही दिनों में अंचल में पूरा नेटवर्क उपलब्ध कराने की बात कहीं।
१६५ पीटीएस लगे, ३४ पीटीएस पर कार्य जारी
बैठक में प्रबंधक ललित यादव द्वारा जिले में मोबाइल नेटवर्क कवरेज हेतु 16 5 पीटीएस लगने की जानकारी दी। वहीं 34 पीटीएस पर कार्य चल रहा है और 29 नए पीटीएस मई माह तक लगने शुरू हो जाएंगे। भौगोलिक दृष्टि से बड़ा होने की वजह से उन्होंने कहा कि यहां पर करीब 300 पीटीएस की आवश्यकता है जिसके लिए उन्होंने सांसद गुप्ता से अनुरोध किया कि वह केंद्र से बचे हुए कार्य की स्वीकृति करवाने का कष्ट करें। इस पर सांसद गुप्ता द्वारा जल्द ही दूरसंचार मंत्रालय द्वारा इसकी स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिलाया। बैठक में सज्जन शर्मा, ओंकार पाटीदार, सहायक प्रबंधक आरबी वर्मा एवं जिले के सभी तकनीकी एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।