
हत्याकांड के आरोपी पत्नी-देवर गिरफ्तार, साला फरार (फोटो सोर्स: Chatgpt)
Mandsaur News :मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में नई आबादी थाना इलाके में चौपाल सागर के पास खेत में हत्या की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा दिया है। पुलिस की हत्या की गुत्थी सुलझाने में तीसरे तंत्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और फिर सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचा दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में मृतक की पत्नी और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीसरा आरोपी मृतक का साला अभी फरार है, फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
मामले को लेकर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि, गत दिवस इस्माईल उर्फ भूरा उम्र 32 वर्ष का शव खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड पर मिला। इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि, एक महिला और पुरुष को बाइक से किसी व्यक्ति को ले जाते हुए देखा गया था। इस पर खिलचीपुरा पंचायत के सीसीटीवी फुटेज देखे गए और पूरा सच सामने आ गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि, मृतक इस्माईल को पत्नी मुस्कान, भाई मोहम्मद इशाक और साला शाकिर मेव चौपाल सागर के पास बने खेत पर बुलाया। यहां पर आरोपियों ने डंडे से ईस्माईल के सिर पर वार किया और उसके बाद उसका गला घौंट कर हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी मुस्कान और साला शाकिर बाइक से करीब दोपहर चार से साढ़े चार बजे के बीच बाइक पर इस्माईल का शव लेकर करीब साढ़े चार किलोमीटर दूर नालछा माता मंदिर रोड पर फेंक कर आ गए।
थाना प्रभारी राठौर ने बताया कि, हत्या के बाद किसी को शक ना हो इसके लिए आरोपी भाई मोहम्मद इशाक थाने पर रिपोर्ट दर्ज करवाने भी आ गया। आरोपी पत्नी मुस्कान और भाई मोहम्मद को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी भाई ने बताया कि, वो मकान बेचना चाहता था। लेकिन उसको उसका भाई इस्माईल मकान नहीं बेचने दे रहा था।
वहीं, आरोपी पत्नी ने बताया कि, उसका पति उसको आए दिन शराब पीकर मारपीट कर परेशान करता था, जिसके बाद उसने भाई शाकिर और देवर मोहम्मद इशाक के साथ मिलकर इस्माईल की हत्या करने की योजना बनाई और उसकी हत्या कर दी। इस मामले में आरोपी साला अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
Updated on:
17 Sept 2026 08:41 pm
Published on:
17 Sept 2026 08:41 pm
