युवती ने मंसूरपुर थाने में लिखित में शिकायत कर बताया कि वह मूलरूप से तेलंगाना राज्य के सिकंदराबाद की निवासी है और हरियाणा के गुरुग्राम में एक कंपनी में इंजीनियर की पोस्ट पर है। वह अपने साथियों के साथ कंपनी के काम से देहरादून जा रही थी, जिस सीट पर वह बैठी थी उसी सीट पर बराबर में नोएडा के सेक्टर—19 में बीएसएनएल में एजीएम के पद पर कार्यरत देहरादून निवासी संजय कुमार पुत्र विजय किशोर बैठा था। अचानक संजय ने उसके साथ गंदी हरकते करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी, जिसके बाद उसने अपने साथियों को इशारों ही इशारों में अपने साथ हो रही छेड़छाड़ के बारे में बताया। उन्होंने पीड़िता को सलाह दी कि इसके फोटो खींच ले। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी द्वारा की जा रही छेड़छाड़ के फोटो खींचने शुरू कर दिए और जैसे ही गाड़ी मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर क्षेत्र के सागर रत्ना रेस्टोरेंट के निकट पहुंची तो युवती ने शोर मचा दिया। इसके बाद यात्रियों ने युवती की शिकायत पर बस रुकवा कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने आरोपी को जमानत दे दी।