मंदसौर

पार्सल के अंदर ‘कैंडी’ के रैपर में मिली ऐसी चीज, पूरे डाक विभाग में मचा हड़कंप

MP News: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो को जानकारी मिली कि एक व्यक्ति पोस्ट ऑफिस, मंदसौर में मंदसौर से ओंटारियो, कनाडा के लिए एक संदिग्ध पार्सल बुक करने की कोशिश कर रहा है....
2 min read
May 19, 2026
Opium found inside a candy wrapper
Opium found inside a candy wrapper (Photo Source - Patrika)

MP News: मादक पदार्थों की तस्करी के लिए तस्कर अब डाक विभाग का सहारा ले रहे हैं। ऐसा ही मामला मंदसौर में सोमवार शाम सामने आया। नई आबादी क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस पर एक व्यक्ति ने ओंटारियो (कनाडा) के लिए पार्सल बुक किया। कर्मचारी ने पूछा कि पार्सल में क्या है तो आरोपी घबराकर भाग निकला। शंका होने पर हेड पोस्ट मास्टर ज्योति चपरोत ने केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) को सूचना दी। सीबीएन को कैंडी के आकार में लिपटीं अफीम की 25 थैलियां मिलीं। इसका वजन 455 ग्राम अफीम था।

ये है पूरा मामला

दरअसल जानकारी मिली कि एक व्यक्ति पोस्ट ऑफिस, मंदसौर में मंदसौर से ओंटारियो, कनाडा के लिए एक संदिग्ध पार्सल बुक करने की कोशिश कर रहा है, जिसमें नारकोटिक्स ड्रग होने का शक था, इसलिए CBN मंदसौर सेल के अधिकारियों की एक टीम बनाई गई और उन्हें पोस्ट ऑफिस मंदसौर भेजा गया। पोस्ट ऑफिस पहुंचने से पहले, शक वाला आदमी मौके से भाग गया और पार्सल पोस्ट ऑफिस में ही छोड़ दिया। पार्सल के सामान की तलाशी लेने पर, 'लव पैन' नाम की कैंडी वाले दो कैंडी बॉक्स मिले।

कैंडी के सभी रैपर खोले गए और उसमें लगभग 25 अफीम के पाउच मिले जो कैंडी के रूप में लपेटे हुए थे, रैपर के अंदर अफीम का वज़न 455 ग्राम था और बाकी रैपर में कैंडी मिली। इसके बाद, NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधित सामान को ज़ब्त कर लिया गया। आगे की जांच चल रही है।

सीसीटीवी फुटेज जारी

डाकघर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर संदिग्ध युवक का फुटेज जारी किया गया है। सूत्रों के अनुसार प्रेषक का पता नीमच का है। ऐसे में जांच का दायरा बढ़ सकता है।

उठ रहे सवाल

तस्करों के नए पैंतरे से सवाल उठ रहे हैं कि क्या पहले भी पोस्ट ऑफिस को तस्करों ने नशा भेजने का जरिया तो नहीं बनाया ? ऐसे में अब विदेश भेजे गए बीते दो साल तक के पार्सल की डिटेल खंगाले की तैयारी है।

अफीम की खेती पर प्रहार

बता दें कि इससे पहले मार्च के महीने में प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन एवं तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की गई थी। छतरपुर, टीकमगढ़ एवं दमोह जिलों में पुलिस द्वारा अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 7890 किलोग्राम से अधिक अफीम की फसल जब्त की गई , जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई । संबंधित प्रकरणों में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

Updated on:
19 May 2026 11:57 am
Published on:
19 May 2026 11:57 am