Share Market News

अक्षय तृतीया पर फीकी पड़ी सोने-चांदी की चमक, 50 रुपए सस्ता हुआ सोना

सोने के दाम 50 रुपए लुढ़ककर 32,670 रुपए प्रति दस ग्राम पर चांदी की कीमत भी पांच रुपए की गिरावट में 38,125 रुपए प्रति किलोग्राम पर

2 min read
May 07, 2019
अक्षय तृतीया पर फीकी पड़ी सोने-चांदी की चमक, 50 रुपए सस्ता हुआ सोना

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही घटबढ़ के बावजूद ऊंचे भाव डिजिटल गोल्ड के प्रति ग्राहकों के बढ़े आकर्षण से मंगलवार को अक्षय तृतीया के मौके पर भी दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के दाम 50 रुपए लुढ़ककर 32,670 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान चांदी की कीमत भी पांच रुपए की गिरावट में 38,125 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।

लंदन और न्यूयॉर्क में सोना और चांदी
लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर आज 2.35 डॉलर की बढ़त में 1,281.05 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। जून का अमेरिकी सोना वायदा 1.10 डॉलर चढ़कर 1,282.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन सोने की खरीददारी शुभ मानी जाती है, लेकिन ऊंचे भाव के कारण मांग कमजोर पड़ी है।

डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद बढ़ा निवेश
वैश्विक बाजार में एक तरफ दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर की मजबूती के कारण पीली धातु पर दबाव बना हुआ है तो दूसरी तरफ अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के कारण निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश में बढ़ा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में चाँदी हाजिर 0.03 डॉलर की गिरावट के साथ 14.86 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।

डिजिटल गोल्ड पर बढ़ा निवेश
कारोबारियों के मुताबिक ग्राहकों की दिलचस्पी अब डिजिटल गोल्ड में भी बढ़ी है जिसका असर सर्राफा बाजार पर दिख रहा है। 'फोनपे' और 'पेटीएम' जैसी डिजिटल भुगतान कंपनियों ने सोने की खरीद अब काफी आसान कर दी है और ग्राहक कम से कम कीमत में इन प्लेटफॉर्म पर सोना खरीद पाते हैं, जिससे उनका रुझान डिजिटल गोल्ड में बढ़ रहा है।

सोना हुआ 50 रुपए सस्ता
स्थानीय मांग की सुस्ती से सोना स्टैंडर्ड 50 रुपए सस्ता होकर 32,670 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 32,500 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,400 रुपए पर टिकी रही। औद्योगिक मांग की सुस्ती से चांदी में गिरावट रही। चांदी हाजिर पांच रुपए की गिरावट में 38,125 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी वायदा 35 रुपए चढ़कर 37,325 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 79 हजार और 80 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर बिके।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,670
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 32,500
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 38,125
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 37,325
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 79,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 80,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 26,400

Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार, फाइनेंस, इंडस्‍ट्री, अर्थव्‍यवस्‍था, कॉर्पोरेट, म्‍युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें patrika Hindi News App.

Published on:
07 May 2019 03:42 pm
Also Read
View All