Share Market News

सोने-चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी, इतने बढ़ गए दाम

सोना-चांदी समाचार: 25 अगस्त 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली।
2 min read
Aug 25, 2018
Gold and silver price
silver and gold market in bhopal, silver and gold rate in bhopal today ,bhopal and mp gold and silver rate par gram, bhopal latest news in hindi

नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में सप्ताहांत पर सोने में रही जबरदस्त तेजी के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में 25 अगस्त 2018 यानी शनिवार को सोना 250 रुपए चमककर एक महीने के उच्चतम स्तर 30,900 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 400 रुपए की छलांग लगाकर छह सप्ताह के उच्चतम स्तर पर 38,250 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बिकी। वैश्विक स्तर पर सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस पर शुक्रवार को पीली धातु में पौने दो फीसदी की तेजी रही। सोना हाजिर 20.75 डॉलर की छलांग लगाकर 1,205.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 18.30 डॉलर की बढ़त में 1,212.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

डॉलर की गिरावट से मिल रही मजबूती

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमरीकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल के भाषण से पहले शुक्रवार को डॉलर में रही गिरावट से सोने काे मजबूती मिली है। उनके भाषण में सितंबर में होने वाली फेड की बैठक में ब्याज दरों पर सदस्यों के रुख के संकेत मिलने की उम्मीद है। डॉलर के कमजोर पड़ने से दुनिया की अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोने का आयात सस्ता हो जाता है। इससे पीली धातु की मांग बढ़ती है और कीमतों में तेजी आती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गत दिवस सफेद धातु भी दो फीसदी से ज्यादा चमकी। चांदी हाजिर 0.31 डॉलर की बढ़त में 14.48 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

चांदी में 400 रुपए की वृद्धि

स्थानीय बाजार में सोने के दाम लगातार दूसरे दिन बढ़े हैं। सोना स्टैंडर्ड 250 रुपए चमककर 30,900 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह 26 जुलाई के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 30,750 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपए पर टिकी रही। चांदी में भी तेजी देखी गई। चांदी हाजिर 400 रुपए की छलांग लगाकर 14 अगस्त के बाद के उच्चतम स्तर 38,250 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा 380 रुपए की बढ़त में 37,000 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 72 हजार और 73 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 30,900

- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 30,750

- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 38,250

- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 30,700

- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 72,000

- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 73,000

- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,500

Updated on:
25 Aug 2018 03:10 pm
Published on:
25 Aug 2018 03:01 pm