22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आठ माह में सबसे सस्ती हुई चांदी- सोना भी फिसला, ये रहा आज का भाव

सोना-चांदी समाचार 23 अगस्त 2018: गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंदी और डॉलर के मजबूत होने से स्थानीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।

2 min read
Google source verification
Gold and silver price

आठ माह में सबसे सस्ती हुई चांदी- सोना भी फिसला, ये रहा आज का भाव

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु में रही गिरावट के कारण गुरुवार 23 अगस्त 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 30 रुपए फिसलकर 30,620 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी 250 रुपए लुढ़ककर आठ महीने से ज्यादा के निचले स्तर पर 37,850 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। विदेशों में सोने में बड़ी गिरावट रही, लेकिन डॉलर की तुलना में रुपए के गुरुवार को एक बार फिर 70 रुपए प्रति डॉलर से भी नीचे उतर जाने से स्थानीय बाजार में पीली धातु पर कम दबाव रहा।

डॉलर में मजबूती से वैश्विक बाजार में भी सोने-चांदी में गिरावट

लंदन तथा न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 7.37 डॉलर की गिरावट में 1,188.75 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा 8.40 डॉलर टूटकर 1,194.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अमरीका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध के कारण पीली धातु पर दबाव है। साथ ही सितंबर में अमरीकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी के कारण डॉलर में मजबूती रहने से भी पीली धातु कमजोर पड़ी है। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के सूचकांक में 0.30 फीसदी की तेजी रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.17 डॉलर सुधरकर 14.57 डॉलर प्रति औंस रही।

स्थानीय बाजार में सोने में 30 रुपए की गिरावट

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 30 रुपए फिसलकर 30,620 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 30,470 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपए के भाव पर स्थिर रही। चांदी की औद्योगिक मांग कमजोर रहने से इसमें लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। चांदी हाजिर 250 रुपए लुढ़ककर 15 दिसंबर 2017 के बाद के निचले स्तर 37,850 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी वायदा भी 100 रुपए टूटकर 36,750 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली एक-एक हजार रुपए की बढ़त में क्रमश: 73 हजार और 74 हजार रुपए प्रति सैकड़ा बिके।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 30,620

- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 30,470

- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 37,850

- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 36,750

- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 73,000

- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 74,000

- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,500