Share Market News

सोने के दाम में नरमी, 150 रुपए लुढ़का, चांदी 75 रुपए चमकी

सोने के दाम 150 रुपए फिसलकर 32,870 रुपए प्रति दस ग्राम पर चांदी की कीमत 75 रुपए की तेजी में 37,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर
2 min read
• •
Updated: 30 May 2019, 2:43 PM IST
Gold and silver price
सोने के दाम में नरमी, 150 रुपए लुढ़का, चांदी 75 रुपए चमकी

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही गिरावट के बीच घरेलू जेवराती मांग की सुस्ती से दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने के दाम 150 रुपए फिसलकर 32,870 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि औद्योगिक ग्राहकी आने से इस दौरान चांदी की कीमत 75 रुपए की तेजी में 37,400 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। आपको बता दें कि पिछले कई दिनों से सोने और चांदी के दाम में बढ़ोतरी देखने को मिल रही थी।

इंटरनेशनल मार्केट में सोना और चांदी
अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में लंदन का सोना हाजिर 3.55 डॉलर की गिरावट के साथ 1,276.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अगस्त का अमरीकी सोना वायदा भी 6.40 डॉलर की लुढ़ककर 1,279.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर दो साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचने से पीली धातु की चमक फीकी पड़ गई है। इसके अलावा निवेशकों का रुझान बांड में भी बढा है जिसका असर सोने के भाव पर दिख रहा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में चांदी हाजिर भी 0.03 डॉलर की गिरावट के साथ 14.57 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।

स्थानीय बाजार में सस्ता हुआ सोना और चांदी
वैश्विक गिरावट के बीच घरेलू जेवराती मांग कमजोर पडऩे से सोना स्टैंडर्ड 150 रुपए लुढ़ककर 32,870 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 32,700 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,500 रुपए पर टिकी रही। औद्योगिक मांग निकलने से चांदी हाजिर 75 रुपए की तेजी में 37,400 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी वायदा 80 रुपए की गिरावट लेकर 36,095 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 79 हजार और 80 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,870
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 32,700
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 37,400
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 36,095
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 79,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 80,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 26,500

Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार, फाइनेंस, इंडस्‍ट्री, अर्थव्‍यवस्‍था, कॉर्पोरेट, म्‍युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें patrika Hindi News App.

Published on: