
मथुरा। केंद्रीय राज्यमंत्री मत्स्य एवं पशुपालन, प्रताप चंद्र सारंगी ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि जो भारत में रहकर वंदे मातरम नहीं कह सकता वो यहां से जा सकता है। जिस देश में रहते हैं, यदि वहां की ही जयजयकार नहीं कर सकते तो ऐसे लोगों को देश में रहने का हक नहीं। बता दें कि केंद्रीय मंत्री मंगलवार को वृंदावन के गोपीनाथ गौड़ीय आश्रम में एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने यहां ठाकुर जी के दर्शन किए और बाद में मीडिया से बातचीत की।
धारा 370 हटाने को लेकर पीएम की सराहना की
धारा 370 हटाने के मुद्दे पर उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ की। पीएम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अब तक कश्मीर के लोगों के साथ भेदभाव हो रहा था। धारा 370 ने कश्मीर को देश से अलग-थलग कर दिया था। बंटवारे के समय जो लोग भी भारत आए वे सब तरक्की कर गए, लेकिन जो कश्मीर में बस गए थे वे आगे नहीं बढ़ पाए थे। अब वे भी मुख्यधारा से जुड़ जाएंगे तो उनका भला हो सकेगा।
ओडिशा के मोदी के नाम से प्रचलित
देश के दूसरे इलाके में देश के बंटवारे के समय आये लोग तरक्की कर गए लेकिन कश्मीर के लोग अभी तक वहीं के वहीं रह गए। अब लोग देश की मुख्यधारा में जुड़ेंगे तो उनका भी भला होगा। मालूम हो कि सारंगी को ओडिशा का मोदी कहा जाता है। इस बार के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बालासोर संसदीय सीट से बीजद प्रत्याशी रबींद्र कुमार जेना को 12,956 मतों से हराया था। वे लंबे समय तक आरएसएस से जुड़े रहे हैं। वे दो बार ओडिशा विधानसभा के लिए चुने जा चुके हैं।