
मथुरा। बरसाना में रह रहे एक साधू पर पश्चिम बंगाल की युवती ने दुराचार करने का आरोप लगा कर सनसनी फैला दी है। पीड़िता ने पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के एक थाने में बरसाना के साधु के खिलाफ केस दर्ज कराया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पश्चिम बंगाल के बनगांव थाने की पुलिस ने बरसाना में दबिश देकर साधु को गिरफ्तार कर लिया और उसे अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई।
ये है मामला
धार्मिक नगरी बरसाना में 10 दिन के भीतर साधुओं द्वारा युवतियों से दुराचार करने के दो मामले सामने आए हैं। ताजा मामला बरसाना के साथ पश्चिम बंगाल से जुड़ा हुआ है। पश्चिम बंगाल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के थाना बनगांव की रहने वाली एक दिव्यांग युवती बरसाना की तिलक विहार कॉलोनी में एक साधु की कुटिया में काफी दिनों से रह रही थी। इसी दौरान साधु ने उसके साथ दुराचार किया और जब वह गर्भवती हुई तो उसे अपने आश्रम से भगा दिया। पीड़िता बरसाना से पश्चिम बंगाल में अपने घर पहुंची और उसने बनगांव थाने में बरसाना के साधु गोविंद दास के ऊपर दुराचार कर गर्भवती करने का का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस बरसाना पहुंची और बरसाना पुलिस के सहयोग से तिलक विहार कॉलोनी में दबिश देकर आरोपी गोविंद दास साधु को गिरफ्तार कर लिया। बंगाल पुलिस की गिरफ्त में आए साधु गोविंद दास का कहना है कि युवती के परिजन ही उसे आश्रम छोड़कर गए थे और वो छः महीने तक उसके पास रही थी। बनगांव थाने से आए पश्चिम बंगाल पुलिस के सब इंस्पेक्टर शुगर सुवर्णों विश्वास ने बताया कि इस साधु ने एक लड़की का रेप किया है उसी के आरोप में बरसाना से अरेस्ट किया है और उसे पश्चिम बंगाल ले जा रहे हैं।
झूठा आरोप
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बरसाने के तिलक विहार स्थित गोविंद दास की कुटिया में उसी के साथ रहने वाली उसकी बहन ने बताया कि आरोप लगाने वाली युवती को उसके मां और अन्य परिजन ही छह माह पहले बरसाना में गोविंद दास के पास छोड़ गए थे। यह युवती चोर थी उसका चाल चलन ठीक नहीं था और अब आश्रम को हड़पने की साजिश के चलते गोविंददास पर झूठा आरोप लगाया है।
पश्चिम बंगाल पुलिस का सहयोग
इस पूरे मामले को लेकर मथुरा के पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी संज्ञान में आया है कि एक युवती ने पश्चिम बंगाल में बाबा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी बाबा बरसाना में रहता है। पश्चिम बंगाल से पुलिस आई है और हमारी पुलिस उनका सहयोग कर रही है।