
मथुरा। 13 जुलाई को महिला डॉक्टर की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वारदात को अंजाम लूट में असफल होने पर दिया। पुलिस ने हत्या आरोपी को सीसीटीवी फुटेज और मृतका की बेटी की पहचान के आधार पर गिरफ्तार किया।
संबंधित खबर- मथुरा: महिला डॉक्टर की चाकुओं से गोदकर हत्या
ये था मामला
राधापुरम स्टेट थाना हाईवे में फिजियोथेरेपिस्ट खुशबू अग्रवाल की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड को लेकर लोगों में आक्रोश भी था और हत्या की पीछे की वजहों को लेकर चर्चाएं भी थीं। पॉश कॉलोनी में सरेशाम हुई दुस्साहसिक वारदात के खुलासे का पुलिस पर भी दबाव था। हत्यारोपी ने गिरफ्तारी के बाद जिस तरह से हत्या के पीछे की वजह का खुलासा किया है उसने सभी को चौंका कर रख दिया है। हत्यारोपी की फिजियोथिरेपिस्ट से न कोई दुश्मनी थी और नहीं किसी तरह की कोई जान पहचान थी। हत्यारोपी पेशेवर मुजरिम और हत्यारा भी नहीं था, पत्नी के बार बार पैसे लाने के ताने ने उसे मुजरिम बना दिया। इन्हीं तानों से तंग आकर लूट के इरादे से हत्यारोपी रविंद्र पुत्र मोहन सिंह निवासी नगला टोंटा थाना मगोर्रा फिजियोथिरेफिस्ट के पास जा पहुंचा और छीना छपटी में फिजियोथिरेपिस्ट की हत्या कर दी। हत्या से पहले ही रविंद्र ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी और उससे वापस आने को कहा, पत्नी ने पहले दो तीन लाख रुपए का इंतजाम करने को कह दिया। इसके बाद रविन्द्र सौंख अड्डे पर पहुंचा, सात आठ बीयर की बोतल गटकीं, एक चाकू खरीदा और दो तीन लाख रुपए की लूट के लिए निकल पड़ा। जिसका पटापेक्ष फिजियोथिरेपिस्ट की हत्या और खुद के सलाखों के पीछे पहुंचने के साथ हुआ। रविंद्र ने बताया कि वह गुड़गांव में एक फैक्ट्री में काम करता था, दो बच्चे हैं जो पत्नी के पास हैं।
हत्यारोपी बोला...पत्नी ने बना दिया हत्यारा
हत्यारोपी रविंद्र ने पुलिस अभिरक्षा में बताया कि पत्नी ने उसे हत्यारा बना दिया, उसका मर्डर का कोई इरादा नहीं था, दो तीन लाख रुपए के लिए वह हत्यार बन गया। चाकू मंडी चौराहे से लिया, सात आठ बीयर की बोतलें पीने के बाद लूट के लिए निकल गया था। मेरा कोई मर्डर करने का इरादा नहीं था, कोई दुश्मनी भी नहीं थी, पत्नी के शौक पूरे करने के लिए हत्या की। मेरी पत्नी ही हत्या की वजह है।