मथुरा

मथुरा में ट्रक में घुसी कार, 2 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 4 की मौत; 3 गंभीर घायल

UP Road Accident: मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर खड़े ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से घुस गई। हादसे में दो बच्चों और दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर घायल हैं। वहीं, हापुड़ में अंग्रेजी शराब से लदा ट्रक हाईवे पर पलट गया।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 11:06 AM IST
UP News
मथुरा में ट्रक में घुसी कार, 2 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 4 की मौत (एक्स फोटो Bhupendra Tiwari)

Mathura Car Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोमवार सुबह दिल्ली-आगरा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। छटीकरा पुल के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया।

ट्रक में पीछे से घुसी स्विफ्ट कार

हादसा सोमवार सुबह दिल्ली-आगरा हाईवे पर छटीकरा पुल के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश नंबर की स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। कार का नंबर MP 30 ZJ 2690 बताया गया है। टक्कर के बाद कार ट्रक में बुरी तरह फंस गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से सभी को अस्पताल भेजा गया। सर्वोदय अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

चार साल के रुद्र और 10 साल के कान्हा की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान चार साल के रुद्र (10) कान्हा (32) साल की रूबी और ज्योति (30) के रूप में हुई है। सभी मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं, घायलों में आशा, गिरिजा, पलक और गौरी के नाम सामने आए हैं। हालांकि, शुरुआती जानकारी में कार में कुल सात लोगों के सवार होने और चार की मौत के बाद तीन लोगों के घायल होने की बात कही गई है। घायलों की संख्या और नामों की पुलिस से पुष्टि की जा रही है।

मध्य प्रदेश से वृंदावन दर्शन के लिए आ रहे थे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार मध्य प्रदेश से वृंदावन दर्शन के लिए आ रहे थे। एक अन्य जानकारी में बताया गया है कि वे बरसाना से रामनरेती जा रहे थे। इसी दौरान छटीकरा पुल के पास उनकी कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद दिल्ली-आगरा हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई गई।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाईवे किनारे ट्रक किस वजह से खड़ा था और कार चालक वाहन पर नियंत्रण क्यों नहीं रख पाया।

Updated on:
23 Nov 2026, 11:06 AM IST
Published on:
Also Read
View All