मथुरा

Mathura-Vrindavan Rail Bus: डेढ़ साल बाद पटरी पर दौड़ी रेल बस, पहले दिन एक यात्री ने किया सफर

Mathura-Vrindavan Rail Bus: ट्रेन में चल रहे टीसी रविंद्र कुमार ने बताया कि मथुरा से वृंदावन के बीच एक यात्री ने सफर किया है। जबकि वृंदावन से मथुरा के लिए 3 यात्री ट्रेन में बैठ कर अपने गंतव्य पर पहुंचे।

2 min read
Nov 18, 2021
rail_bus.jpg

Mathura-Vrindavan Rail Bus: डेढ़ साल से बंद पड़ी रेल बस सेवा गुरुवार से शुरू हो गई। पहले ही दिन रेल बस मथुरा से वृंदावन 15 मिनट की देरी पर पहुंची। रेल बस में मथुरा से वृंदावन केवल एक यात्री ने सफर किया, जबकि वृंदावन से मथुरा तीन यात्रियों ने सफर किया। रेल बस चलने से जहां लोग खुश हैं। वहीं दूसरी ओर बढ़े हुए किराए से मायूस हैं।

कोरोना काल में जहां लोगों की जिंदगी थम सी गई थी। वहीं पटरी पर दौड़ती ट्रेन के पहिये थम गए थे। जैसे ही धीरे-धीरे कोरोना का से निजात मिली तो जिंदगी पटरी पर दौड़ने लगी। करीब डेढ़ साल से बंद रेल बस सेवा एक बार पुनः शुरू हो गई है। गुरुवार को मथुरा और वृंदावन के मध्य चलने वाली रेल बस सेवा शुरू हुई। पहले दिन मथुरा से चलकर वृंदावन पहुंची रेल बस में एक यात्री ने यात्रा की। वहीं वृंदावन से मथुरा करीब 3 यात्री रेल बस का सफर करते नजर आए। रेल बस पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का चित्रांकन किया गया है। किसी पेंटिंग में भगवान श्री कृष्ण गोवर्धन पर्वत उठाते दिखाई दे रहे हैं, तो किसी में मीरा के पदों पर रीझते दिखाई दे रहे हैं।

मथुरा जंक्शन से रेलवे अपने निर्धारित समय 8 बजकर 55 मिनट पर वृंदावन के लिए रवाना हुई। रेल बस को यह सफर करीब 35 मिनट में पूरा करना था, लेकिन रेल बस 15 मिनट की देरी से शुरू हुई। रेल बस करीब 9:50 पर वृंदावन स्टेशन पहुंची।

इस दौरान ट्रेन में चल रहे टीसी रविंद्र कुमार ने बताया कि मथुरा से वृंदावन के बीच एक यात्री ने सफर किया है। जबकि वृंदावन से मथुरा के लिए 3 यात्री ट्रेन में बैठ कर अपने गंतव्य पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि 22 मार्च 2020 को कोरोना काल के समय रेल बस सेवा को बंद किया गया था।

Published on:
18 Nov 2021 05:50 pm