
मथुरा। इन दिनों मथुरा पुलिस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। रोज हो रही अपराधिक घटनाओं के बीच शुक्रवार को स्कूल बस हाईजैक होने की खबर ने पुलिस के होश उड़ा दिए। सूचना मिलते ही डॉयल 100 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बस को छुड़वाया। जिसके बाद बच्चों ने राहत की सांस ली। बस में लगभग 40 बच्चे सवार थे। जांच में मामला कुछ और ही सामने आया है।
बुलेट सवार लोगों ने रुकवाई स्कूल बस
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह एक निजी स्कूल की बस कोसीकलां थाना क्षेत्र के गांव शेरनगर से बच्चों को लेकर आ रही थी। तभी रास्ते में खड़े बुलेट सवार तीन लोगों बस को रुकवा लिया। उक्त तीन लोग स्कूल बस को गांव राजा गढ़ी के पास ले गए। घटना के बाद बस में सवार सभी बच्चे बुरी तरह घबरा गए थे।
बस चालक ने दी मालिक को सूचना
वहीं चालक ने बस अगवा होने की सूचना अपने मालिक की दी। जिसके बाद बस मालिक ने डायल 100 को सूचित किया। उसने बताया कि तीन लोगों ने बस को गांव राजा गढ़ी के पास रोककर रखा था। बस ड्राइवर का यह भी कहना था कि बुलेट सवार लोगों के पास हथियार भी थे। सूचना पाकर डायल 100 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बस को छुड़ाया। स्कूली बच्चों ने बताया कि उन लोगों ने लगभग दो घंटे तक बस को रोककर रखा था।
नहीं हुआ बस का अपहरण
इस संबंध में एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने कहा कि स्कूल बस को अगवा किए जाने का मामला संज्ञान में आया था। जब मौके पर जांच हुई तो नया तथ्य सामने आया। बताया गया है कि गुरुवार को गांव के रोड पर इस स्कूल बस से एक्सीडेंट हुआ था। उसी के चलते ग्रामीणों ने बस को रोक लिया था। बाद में उसे छोड़ दिया गया। गांव वालों ने चालक को समझाने के बस रोकी थी। बस मालिक ने तहरीर नहीं दी है।