भौंरासा. सडक़ सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 11 से 17 जनवरी तक किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को हाईवे पर सुरक्षित चलने के लिए जागरूक किया। देवास-भोपाल कारिडोर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निर्देश पर 11 जनवरी से चलाए जा रहे सडक़ सुरक्षा सप्ताह का समापन यातायात नियम पालन की अपील के साथ बुधवार को संपन्न हुआ। भौंरासा टोल पर मैनेजर रंजन राय ने कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान कौशिक व उपस्थित विशेषज्ञों ने कहा कि सुरक्षा के लिए सडक़ पर चलने के दौरान नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। कभी भी धैर्य खोकर जल्दबाजी न दिखाएं। सिग्नल तोडक़र या सामने से गाड़ी को आता देख भागकर रोड क्रॉस न करें। सडक़ क्रास करते समय जेब्रा क्रॉसिंग सिग्नल, सब-वे, फुट ओवरब्रिज का उपयोग करें।
सरपंच खटाम्बा विवेक सिंह, सरपंच जामगोद विष्णु वर्मा, सरपंच नराना, सरपंच फावड़ा रायसिंह, अधिवक्ता ज्ञानसिंह सैंधव व प्रतिनिधियों के सहयोग से भौंरासा टोल पर स्कूल व प्रायमरी व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों को कंपनी द्वारा अनुबंधित मैजिक बस फाउनडेशन एनजीओ के माध्यम से सडक़ सुरक्षा यातायात नियम लागातार तीन वर्षों तक सिखाया जाएगा। मैजिक बस फाउनडेशन एनजीओ के कर्मचारी अर्जुन कांटे ने सडक़ पर ध्यान केंद्रित करने का महत्व बताते हुए कहा, सडक़ पर वाहन चलाने के दौरान ध्यान इधर-उधर भटकना दुर्घटना का कारण बनता है। इस अवसर पर आए एसपी अंशुमान सिंह ने विद्यार्थियों को सडक़ व समाज में आने वाली हरेक प्रकार की दिक्कत में सहायता देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मैनेजर विनोद चौहान, मैनेजर फिरोज खान आदि उपस्थित थे।