मथुरा

#KrishnaJanmashtami2019: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी इस बार नौ दिन, जानिए क्या होने जा रहा

-17 से 25 अगस्त तक मनाई जाएगी Krishna Janmashtami 2019-मुख्यमंत्री के आदेश पर तैयारियां शुरू-एक हजार कलाकार शोभायात्रा निकालेंगे-देश-विदेश के कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम
2 min read
Aug 03, 2019
Shri krishna janmashtami 2019
Shri krishna janmashtami 2019

मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या में भव्य दीपावली मनाई थी। इस बार मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (Krishna Janmashtami 2019) मनाने की तैयारी है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी इतनी भव्य होगी कि सब देखते रह जाएंगे। जन्माष्टमी महोत्सव में पूरे देश से एक हजार कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इतना ही नहीं, इंडोनेशिया और मलेशिया के कलाकार भी आ रहे हैं। मथुरा के सभी मंदिरों की भव्य सजावट सरकार कराएगी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी के लिए चार अगस्त, 2019 को बैठक आहूत की गई है। इसमें सभी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर आ जाएगी।

Krishna Janmashtami 2019 " src="https://new-img.patrika.com/upload/2019/08/03/m1_4924976-m.jpg">

हेमा मालिनी का नृत्य होगा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने का आदेश दिया है। प्रदेश के संस्कृति विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी हैं। 17 से 25 अगस्त तक भव्य Krishna Janmashtami मनाई जाएगी। इस दौरान मथुरा के रामलीला मैदान पर प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। देश के सभी राज्यों में प्रस्तुत की जाने वाली रासलीला के साथ ही प्रसिद्ध सिनेतारिका और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी का कार्यक्रम भी होगा। हेमा मालिनी की राधा-कृष्ण के प्रेम पर आधारित नृत्य नाटिका खासी प्रसिद्ध है।

ये कार्यक्रम प्रस्तावित
उत्तराखंड, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार, केरल, गुजरात, मध्य प्रदेश, असम, कर्नाटक आदि राज्यों के एक हजार लोक कलाकार शोभायात्रा निकालेंगे। दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा के कलाकार भारतीय संस्कृतिक पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। श्रीकृष्ण लीला पर आधारित झांकियों की प्रस्तुति होगी। कलाकारों के बीच प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें बच्चों से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक के कलाकार भाग लेंगे। राधा-कृष्ण स्वरूप प्रतियोगिता पर खास जार रहेगा। Krishna Janmashtami पर आधारित इंडोनेशिया और मलेशिया के कलाकार नृत्य प्रस्तुत करेंगे। श्रीराम भारती कला केन्द्र की प्रसिद्ध कृष्णलीला की प्रस्तुति होगी। विभिन्न शैलियों में मणिपुरी रास का प्रदर्शन होगा। मयूर नृत्य, फूलों की होली और रासलीला की प्रस्तुति होगी।

बैठक में ये होंगे शामिल
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर चार अगस्त को होने जा रही बैठक में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, संस्कृति मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, बृज विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र खासतौर पर शामिल होंगे। इसी बैठक में कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Updated on:
03 Aug 2019 01:40 pm
Published on:
03 Aug 2019 09:00 am