
RTI के जरिए मथुरा प्रशासन से पूछा गया कृष्ण के भगवान होने का प्रमाण और मांगा बर्थ सर्टिफिकेट
मथुरा। सूचना के अधिकार के तहत एक व्यक्ति ने मथुरा प्रशासन से अजीब सूचना मांगी है। व्यक्ति ने मथुरा प्रशासन से कृष्ण के भगवान होने का प्रमाण मांगा है साथ ही सूचना मांगने वाले व्यक्ति ने भगवान कृष्ण का बर्थ सर्टिफिकेट भी मांगा है। यह आरटीआई मथुरा प्रशासनिक अधिकारियों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
कौन है आरटीआई मांगने वाला व्यक्ति
छत्तीसगढ़ राज्य के जिला बिलासपुर में गांंव गुमा के रहने वाले जैनेंद्र कुमार गेंदेले ने आरटीआई के जरिए मथुरा जिला प्रशासन से भगवान कृष्ण का बर्थ सर्टिफिकेट मांगा है। जैनेंद्र आरटीआई में कृष्ण को भगवान सिद्ध करने वाले प्रमाण भी मांगे हैं। इस अजीब आरटीआई के कारण मथुरा प्रशासन हैरत में है। क्योंकि आस्था से जुड़ा हुआ मामला है। एक तरफ भगवान कृष्ण लाखों करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं वहीं उनको भगवान सिद्ध करने के प्रमाण भी मांगे जा रहे हैं।
यह बनाया आधार
आरटीआई के जरिए सूचना मांगने वाले जैनेंद्र कुमार गेंदेले ने दस रुपए का पोस्टल ऑर्डर भेज लिखा है कि तीन सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सरकारी छुट्टी की गई। चूंकि इसे भगवान कृष्ण के जन्म का दिन बताया गया है इसलिए पहले तो कृष्ण के भगवान होने के प्रमाण दिए जाएं साथ ही उनका जन्म प्रमाण पत्र भी दिया जाए। हालांकि मथुरा प्रशासन ने अभी तक इस आरटीआई पर कोई जवाब नहीं दिया है। आस्था का मामला मानते हुए इस आरटीआई को फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
Updated on:
02 Oct 2018 11:21 am
Published on:
02 Oct 2018 11:21 am
