
Ruckus on Varanasi-Gorakhpur Highway: मऊ में वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने जबरदस्त हंगामा किया। गुस्साई भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। पुलिस शव हटाने पहुंची तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर घोसी थाना क्षेत्र के पीढ़वल बाजार के पास हंगामा कर रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। माहौल बिगड़ने की वजह से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। इसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के सेमराडांड गांव निवासी शांति देवी (50) पत्नी नगीना चौहान बाजार से लौट रही थीं। शाम के समय करीब 4 बजे वह ग्रामीणों द्वारा डिवाइडर काटकर बनाए गए रास्ते से हाईवे पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। उन्होंने शव को हाईवे पर रखकर बस और ट्रॉली खड़ी कर यातायात जाम कर दिया। करीब डेढ़ से 2 घंटे तक प्रदर्शन चला। पुलिस जब शव को कब्जे में लेने पहुंची तो भीड़ उग्र हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिसकर्मी भागकर अपनी जान बचाने को मजबूर हुए।
घटनास्थल पर माहौल खराब होने के बाद अतरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। एएसपी अनूप कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही मौके पर घोसी कोतवाली, दोहरीघाट, मधुबन और कोपागंज थानों की पुलिस को भी बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई। फिलहाल, पुलिस ने हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया है।
एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि महिला की मौत के बाद कुछ अराजक तत्वों ने परिजनों और स्थानीय लोगों को भड़काकर हाईवे जाम करने की कोशिश की। शव कब्जे में लेते समय पथराव शुरू हुआ। पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
हाईवे जाम करने, अराजकता फैलाने और पुलिस पर हमला करने वालों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है। उनके खिलाफ भी अलग से मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव है, लेकिन पुलिस भारी बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखे हुए है।