रोजगार चाहिए तो प्रधानमंत्री पकौडा रोजगार योजना का लाभ लीजिए, बजट को युवा आैर गृहणी विरोधी बताया
मेरठ। समाजवादी युवजन सभा ने मोदी सरकार के सामान्य बजट के विरोध में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री पकौड़ा रोजगार योजना का शुभारंभ किया। युवजन सभा के महानगर अध्यक्ष परविंद्र सिंह ईशू ने बजट को जनता विरोधी बताया। इन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आम लोगों, गरीबों, किसानों और अल्पसंख्यकों को बजट में कोई राहत नहीं दी है। बजट धनवान लोगों का धनवान बनाने वाला है। उच्चवर्गीय लोगों को बजट में राहत दी गई है।
गृहणी के लिए निराशाजनक
सपा युवजन सभा के कार्यकर्ताआें ने बजट को रसोई बताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने आधी आबादी को भी निराश किया है। आम महिलाओं की जरूरत होती है कि उसकी रसोई अच्छी तरह से चलती रही, लेकिन बजट ने गृहणियों को निराश किया है।
पकौड़े तलकर जताया विरोध
सभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताआें ने बच्चापार्क चौराहे पर पकौड़े तलकर विरोध जताया। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री मोदी नौजवानों को रोजगार के नाम पर पकौड़ा का ठेला लगाने की नसीहत दे रहे हैं। पढे-लिखे नौजवानों के लिए अब रोजगार नहीं है, इसलिए वे पकौड़े का ठेला लगाएं और इसी से अपना और अपने परिवार का पेट पालेंं।
लोगों को बेचे पकौड़े-चटनी
उन्होंने आते जाते लोगों को पकौड़े-चटनी बेची। उनका कहना था कि अगर आपको पकौड़े खाने के साथ रोजगार चाहिए, तो आइए प्रधानमंत्री पकौड़ा रोजगार योजना में। इसमें आपको रोजगार के साथ ही पकौड़ा खाने को भी मिलेगा।
सभा इसके लिए जगह देगी
बेरोजगार को प्रधानमंत्री पकौड़ा रोजगार योजना का ठेला लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराने का कार्य सभा के पदाधिकारी करेंगे। बेराेजगार को यह बताना होगा कि उसे ठेला कहां लगाना है, पकौड़े कहां तलने हैं। सपा युवजन सभा के पदाधिकारियों का कहना है कि माेदी सरकार के बजट में युवाआें को सबसे ज्यादा निराशा हाथ लगी है, बढ़ती बेरोजगारी पर मोदी सरकार ने ठोस निर्णय नहीं लिया है, इसलिए आने वाले समय में उन्हें पकौड़े ही तलने होंगे।